काबू में कोरोना, कई राज्यों में लॉकडाउन में ढील, आज इन बड़ी खबरों पर रहेगी नजर

punjabkesari.in Monday, Jun 07, 2021 - 10:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कोरोना के मामले घटने के साथ ही देश के कई राज्यों ने ढील देनी शुरू कर दी है। अनलॉक के तहत आज से कई राज्यों में छूट मिलनी शुरू हो गई है। वहीं मुंबई में अब आम जनता के लिए बस सेवा भी शुरू कर दी गई है। सोमवार (7 जून) को देश-विदेश की इन बड़ी खबोरं पर नजर रहेगी। 

 

कई राज्यों में लॉकडाउन में ढील
देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर थमता नजर आ रहा है। ऐसे में तमाम राज्य सरकारों ने आज से कर्फ्यू या लॉकडाउन में ढील देनी शुरू कर दी है। दिल्ली में आज से बाज़ार, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (ऑड-इवन के आधार पर) खुलेंगे। स्टैंड अलोन दुकानें और पास पड़ोस की दुकान रोज़ाना खुलेंगी।

 

मुंबई की सड़कों पर दौड़ेंगी बसें
महाराष्ट्र सरकार की ‘अनलॉक' योजना के तीसरे चरण में मुंबई में आज से रेस्तरां, गैर जरूरी सामान वाली दुकानें और सार्वजनिक स्थल खोल दिए जाएंगे लेकिन मॉल, सिनेमाघर और मल्टिप्लेक्स बंद रहेंगे। आम जनता के लिए आज से बस सेवा शुरू हो जाएगी। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट ने इसकी जानकारी दी। यात्रियों की संख्या किसी भी बस में सीटों की संख्या से अधिक नहीं होगी। इस यात्रा के दौरान फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

 

पाकिस्तान के सिंध में बड़ा रेल हादसा
पाकिस्तान में आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सिंध के डहारकी इलाके में दो ट्रेनें आपस में टकरा गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मिल्लत एक्सप्रेस और सर सैय्यद एक्सप्रेस में भिड़ंत में  अभी तक 30 लोगों की मौत हो गई है।

 

बच्चों के लिए दिल्ली एम्स में आज से कोवाक्सिन का ट्रायल
दिल्ली के एम्स में बच्चों पर वैक्सीन का ट्रायल शुरू हो रहा है। इसमें 2 से 18 साल के बच्चों को शामिल किया जाएगा। पहले चरण में कुल 17 बच्चों पर ट्रायल होगा।

 

हरियाणा: टिकैत का धरना जारी, प्रदेशभर के थाने घेरेंगे किसान
किसानों पर दर्ज केस वापस लेने और गिरफ्तार किसानों की रिहाई को लेकर चल रहे गतिरोध का शनिवार रात और रविवार को हुई तीन दौर की वार्ता के बाद भी कोई हल नहीं निकल पाया। किसानों की रिहाई को लेकर टिकैत का धरना अभी जारी है।

 

भारतीय फुटबॉल टीम को पहली जीत की दरकार
सुनील छेत्री की अगुवाई वाली भारतीय फुटबॉल (105 रैंकिंग) टीम सोमवार को अपने से कम रैंकिंग के बांग्लादेश (184) के खिलाफ विश्व कप और एशिया कप क्वालिफायर में अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।

 

दिल्ली मेट्रो का परिचालन फिर से शुरू
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संबंधी हालात बेहतर होने के बाद दिल्ली मेट्रो की सेवा सोमवार को करीब तीन हफ्ते के अंतराल के बाद बहाल की गई। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो में क्षमता से 50 फीसदी यात्री ही बैठ सकेंगे तथा खड़े रहकर यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।

 

पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार दूसरे दिन बढ़े 
पेट्रोल-डीजल के दाम सोमवार को लगातार दूसरे दिन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। देश के चार महानगरों में आज दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम 28 पैसे तक बढ़ गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

seema

Recommended News

Related News