बंगाल: ममता के मंत्रिमंडल में फेरबदल, चंद्रिमा को वित्त मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार मिला

punjabkesari.in Tuesday, Mar 08, 2022 - 10:21 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने मंत्रिमंडल में छोटा सा बदलाव किया है, जिसमें चंद्रिमा भट्टाचार्य को राज्य मंत्री के पद के साथ वित्त विभाग का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य के परिवहन मंत्री फरहाद हकीम को आवास और शहरी मामलों के विभाग का भी प्रभार दिया गया है। हकीम करीब एक दशक तक बनर्जी के मंत्रिमंडल में आवास मंत्री थे। पिछले साल मंत्रिमंडल का गठन किया गया तो उन्हें इस विभाग की जिम्मेदारी नहीं दी गई।

पिछले साल मई में राज्य में तीसरी बार ममता बनर्जी नीत सरकार के शपथ लेने के बाद से भट्टाचार्य शहरी विकास विभाग की प्रभारी रही हैं और वित्त राज्य मंत्री भी थीं। हकीम ने शहरी और नगरपालिका मामलों के मंत्री के रूप में बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहा और अपने कर्तव्यों को पूरी लगन से निभाने का वादा किया।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर की गई घोषणा महत्वपूर्ण है। पिछले साल असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने अजंता नियोग को राज्य की पहली महिला वित्त मंत्री नियुक्त किया था। केंद्र में अब तक दो महिलाएं वित्त मंत्रालय का पद संभाल चुकी हैं। इंदिरा गांधी ने जुलाई 1969 से जून 1970 तक वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद निर्मला सीतारमण मई 2019 में वित्त मंत्री बनीं। बंगाल में, पूर्व वित्त मंत्री और अर्थशास्त्री अमित मित्रा कैबिनेट मंत्री के पद के साथ वित्त और अर्थव्यवस्था पर प्रमुख मुख्य सलाहकार बने हुए हैं। राज्य की आबकारी नीति के पीछे मित्रा की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।

हकीम ने संपर्क किए जाने पर कहा, ‘‘जब शोभन (चटर्जी) ने (पार्टी) छोड़ी तो मेरी नेता (ममता बनर्जी) ने मुझे शहर का मेयर बनाया और मैंने अपने कर्तव्यों का पालन किया। मैं तृणमूल कांग्रेस का एक विश्वसनीय सदस्य हूं। मैं पूरी कोशिश करूंगा और अपने कर्तव्यों का पालन करूंगा। विश्वास करने के लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।'' भट्टाचार्य ने स्वतंत्र प्रभार के साथ मंत्री के रूप में उनकी पदोन्नति को मुख्यमंत्री की ओर से महिला दिवस पर राज्य की महिलाओं को दिया गया ‘‘सर्वश्रेष्ठ उपहार'' बताया।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘मैं ममता बनर्जी की भरोसेमंद सिपाही हूं और मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे अंतिम सांस तक निभाऊंगी।'' भट्टाचार्य स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के साथ-साथ भूमि और भूमि सुधार तथा शरणार्थी राहत और पुनर्वास विभाग की प्रभारी बनी हुई हैं। वह योजना और सांख्यिकी विभाग तथ्रर कार्यक्रम निगरानी विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। राज्यपाल जगदीप धनखड़ के पास सोमवार को उनकी मंजूरी के लिए सूची भेजी गई थी, जिसे मंजूर कर लिया गया। राज्यपाल ने मंगलवार की सुबह अधिसूचना ट्वीट की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News