2024 तक लगातार गरमाया रहेगा देश का सियासी माहौल, 9 राज्यों के चुनाव चलेंगे दिसंबर तक

punjabkesari.in Tuesday, Jan 17, 2023 - 10:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: इस साल 9 राज्यों में होने क्रमवार दिसंबर तक होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ देश में पूरा साल सियासी माहौल गरमाए रहने की संभावना हैं। यही नहीं अपितु इन चुनावों के समाप्त होने के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हा जाएंगी। कुल मिलाकर देश भर में 2024 के लोकसभा चुनाव में सियासी माहौल कायम रहेगा।

सबसे पहले फरवरी-मार्च में नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में चुनाव होने हैं। इनमें त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च में समाप्त हो रहा है। त्रिपुरा में भाजपा सत्ता में है जबकि नागालैंड में नैशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) की सत्ता है। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी की सरकार है। इन चुनावों के आने वाले नतीजों को लोकसभा चुनाव से भी जोड़ कर देखा जाएगा और पक्ष और विपक्षी दलों का प्रचार भी बहुत रोचक होने की संभावना है। नॉर्थ ईस्ट के बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम  ज्यों में इस साल विधानसभा चुनाव होंगे।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव अप्रैल या मई में हो सकते हैं, क्योंकि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। इससे पहले 2018 में राज्य में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला, राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति देखी गई। बावजूद इसके बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, लेकिन बहुमत का आंकड़ा पार नहीं कर पाने के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर सरकार बनाई। साल 2019 में एक बार फिर बीएस येदियुरप्पा ने एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और फिर 2021 में येदियुरप्पा की जगह बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया।

40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर 2023 को समाप्त हो रहा है, जबकि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2024 में अलग-अलग तारीखों में समाप्त हो रहा है। ऐसे में संभावना है कि इन राज्यों में भी विधानसभा चुनाव दिसंबर 2023 में एक साथ कराए जा सकते हैं। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं तेलंगाना में केसीआर की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), भाजपा, कांग्रेस और वाईएस शर्मिला की वाईएसआर तेलंगाना पार्टी मैदान में है।  

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक इस केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव 2023 की गर्मियों में हो सकते हैं और समय का निर्धारण सुरक्षा के आधार किया जाएगा।साल 2022 में गोवा, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित सात राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं। भाजपा ने गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर, उत्तर प्रदेश और गुजरात में सरकार बनाई है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाकर इतिहास रच दिया है, तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सरकार बनाई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News