असम, मिजोरम सीमा विवाद हल के लिए कमेटियां करेंगे गठित

punjabkesari.in Saturday, Nov 27, 2021 - 04:45 AM (IST)

नई दिल्लीः असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने शुक्रवार को दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद को ‘बातचीत' के जरिए सुलझाने के लिए एक-एक समिति गठित करने पर सहमति जताई। लंबे समय से लंबित सीमा विवाद मुद्दे पर यह विकास पूर्वोत्तर राज्यों के दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा शुक्रवार शाम यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद हुआ। 

केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक के तुरंत बाद यहां असम हाउस में मीडिया से बात करते हुए, असम के मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘आज की बैठक में हमने असम-मिजोरम सीमा विवाद मुद्दे पर चर्चा की है। हमने सीमा विवाद का हल करने के लिए एक-एक समिति गठित करने का फैसला किया है।'' 

एक सवाल के जवाब में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) के संयोजक सरमा ने कहा,‘‘यह तय किया गया है कि यदि आवश्यक हो तो समिति में विपक्ष को भी शामिल किया जाएगा। प्रत्येक सरकार तय करेगी कि समिति में कौन-कौन होगा। दोनों समितियां चर्चा के माध्यम से सीमा विवादों का समाधान करेंगी।'' 

उन्होंने यह भी बताया कि समय-समय पर मुख्यमंत्री स्तर की वार्ता भी होगी। श्री सरमा ने बताया कि उन्होंने और श्री जोरमथांगा ने सीमा पर शांति बनाए रखने का संकल्प लिया है। गौरतलब है कि दोनों राज्यों में सीमा विवादों को लेकर हिंसा होने के महीनों बाद यह बैठक हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News