हेलिकॉप्टर में साथ दिखे अशोक गहलोत और सचिन पायलट, कांग्रेस की सियासी एकजुटता दिखाने की रणनीति?

punjabkesari.in Friday, Oct 08, 2021 - 05:35 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को एकजुटता का प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और अन्य नेता हेलीकॉप्टर में एक साथ यात्रा की और वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावाद (प्रतापगढ़) में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित रैलियों को संबोंधित किया। वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावाद (प्रतापगढ़) सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे। दोनो सीटों पर शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी अजय माकन, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियों को संबोंधित करने के लिये एक साथ हेलीकॉप्टर में बैठकर गये। सभी नेता वल्लभनगर (उदयपुर) पहुंचे और पार्टी उम्मीदवार प्रीति शक्तावत के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। प्रीति शक्तावत कांग्रेस के विधायक रहे गजेन्द्र सिंह की पत्नी है जिनका कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। दोनों नेता, गहलोत और पायलट पिछले साल नेतृत्व के मुद्दे पर आमने सामने हो गये थे।

दोनों ने अपने संबोंधन में कहा कि पार्टी के सभी नेताओं ने वल्लभनगर से प्रीति शक्तावत को उम्मीदवार बनाये जाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया है। जनसभा के संबोंधन में दोनों नेताओं से यह संदेंश दिया कि पार्टी एकजुट है। गहलोत ने अपने संबोंधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में आयेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ राजस्थान में पार्टी एकजुट है। कभी-कभी अखबारो में कुछ खबरें छप जाती हैं लेकिन आपको उस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। अभी तो पूरे देश में गोदी मीडिया है और मीडिया दबाव में काम रहा है।''

गहलोत ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं ने एकमत से वल्लभनगर सीट के लिये प्रीति शक्तावत को पार्टी का उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि टिकट केवल एक ही व्यक्ति को दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का सच्चा सिपाही वही है जो पार्टी के निर्णय का आदर करे और उसके लिये काम करे (चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी के साथ खडा रहे)। जो धेर्य रखता है उसको कभी न कभी मौका मिलता है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कहा कि सभी पार्टी नेताओं ने प्रीति शक्तावत का नाम एकजुट होकर सर्वसम्मति से तय किया है और सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने उन्हें टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि हम सब नेता एक साथ वल्लभनगर आये हैं। वल्लभनगर में अजय माकन और डोटासरा ने भी रैली को संबोंधित किया। वल्लभनगर के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरियावाद (प्रतापगढ़) में कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा के समर्थन में आयोजित रैली को संबोंधित किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News