राजधानी दिल्ली में मिला मंकीपॉक्स का एक और मरीज, 35 साल का व्यक्ति संक्रिमत

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2022 - 09:30 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली में सोमवार को मंकीपॉक्स का दूसरा मामला सामने आया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 35 वर्षीय एक नाइजीरियाई व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, उसके हाल-फिलहाल में विदेश यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है। इसी के साथ भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

सूत्रों ने बताया कि मंकीपॉक्स से संक्रमित मिले नाइजीरियाई व्यक्ति को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है। सूत्रों के मुताबिक, नाइजीरियाई व्यक्ति पिछले पांच दिनों से बुखार से जूझ रहा है और उसके शरीर पर दाने भी हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित के हाल-फिलहाल में विदेश या देश में यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, नाइजीरियाई व्यक्ति के नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे गए थे और सोमवार शाम आई जांच रिपोर्ट से उसमें संक्रमण की पुष्टि हो गई। उन्होंने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में अफ्रीकी मूल के दो और संदिग्ध मरीजों को भी भर्ती कराया गया है।

बता दें कि केरल में आए पहले मंकीपॉक्स के मरीज की मौत हो चुकी है। केरल सरकार ने सोमवार को पुष्टि की कि 30 जुलाई को 22 वर्षीय जिस व्यक्ति की मौत हुई थी वह मंकीपॉक्स से संक्रमित था। इस तरह देश में मंकीपॉक्स से यह पहली मौत है। राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी), पुणे को भेजे गए नमूनों में संक्रमण मिला और यह पश्चिम अफ्रीकी संस्करण था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News