बड़ी बेआबरू होकर ‘अन्ना दरबार’ से निकली BJP

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2020 - 11:29 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में रामलीला मैदान से बिगुल फूंकने वाले वरिष्ठ समाज सेवी अन्ना हजारे के पत्र ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और उनके सलाहकारों के लिए मुसीबत बढ़ा दी है। अन्ना ने साफ शब्दों में कहा कि वर्तमान समय में देश की कोई भी पार्टी देश को उज्जवल भविष्य दे पाएगी, ऐसा उन्हें नहीं लगता है। उन्होंने किसी भी आंदोलन में फिर से दिल्ली आने की बात को सिरे से नकारते हुए आदेश गुप्ता के उस दावे को भी झूठा करार दे दिया, जिसमें गुप्ता ने कहा था कि अन्ना उनके जन आंदोलन में दिल्ली सरकार के विरुद्ध साथ देंगे। अन्ना ने पत्र में यह कहकर भी प्रदेश भाजपा संगठन और अध्यक्ष को सलाह देने वालों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा किया कि भाजपा की तरफ से कोई खत उन्हें 24 अगस्त को लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी भी उनको मीडिया से मिली है। 

हैरत की बात यह है कि शुरू में इस जवाबी पत्र को भाजपा के पदाधिकारी फर्जी साबित करने का प्रयास करते दिखे। लेकिन जब अन्ना हजारे ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी पत्र डाल दिया तो फिर अलग ही राग अलापने में पीछे नहीं रहे। अन्ना ने अपने पत्र में अफसोस जताते हुए मोदी सरकार से लेकर दिल्ली और देश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर कहा कि आपकी भारतीय जनता पार्टी देश की सत्ता पिछले छह साल से अधिक समय से संभाल रही है। उन्होंने खुद को एक फकीर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे अधिक युवा सहित सदस्य संख्या का दावा करने वाली पार्टी अन्ना हजारे जैसे फकीर आदमी को दिल्ली में आंदोलन करने के लिए बुला रहे हैं, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण बात और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में आपकी सरकार है। दिल्ली सरकार के भी कई विषय केन्द्र सरकार के अंतर्गत है। सीबीआई व दिल्ली पुलिस केन्द्र सरकार के नियंत्रण में है। उन्होंने सवाल किया कि भ्रष्टाचार निर्मूलन के लिए कठोर कदम केन्द्र सरकार ने उठाए ऐसा दावा हमेशा प्रधानमंत्री करते हैं। अगर ऐसा है और अगर दिल्ली सरकार ने भ्रष्टाचार किया है तो क्यों उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आपकी ही सरकार नहीं करती? या भ्रष्टाचार निर्मूलन के केन्द्र सरकार के सब दावे खोखले हैं?

मेरा मकसद है कि लोगों को भ्रष्टाचार से मिले राहत: अन्ना
अन्ना हजारे ने दो टूक कहा कि उनका मकसद है कि लोगों को भ्रष्टाचार से राहत मिले, लेकिन देश में मौजूदा समय में सत्ता से पैसा और पैसों से सत्ता इसी चक्र में पार्टियां लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता कोई भी पक्ष की हो, जब तक व्यवस्था बदलाव नहीं होगा, तब तक लोगों को राहत नहीं मिलेगी। ऐसे में दिल्ली आकर किसी आंदोलन में उनके शामिल होने से भी कोई फर्क नहीं पडऩे वाला। इस जवाबी खत पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बाद ने बयान जारी करके कहा कि भाजपा दिल्ली में केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अपनी आवाज उठाती रही है और आने वाले दिनों में पार्टी इस आंदोलन को दिल्ली की सड़कों तक ले जाएगी। इसी मकसद से भाजपा ने अन्ना हजारे को पत्र लिखकर भ्रष्टाचार के आंदोलन को और तेज करने के लिए उनके शामिल होने के लिए अनुरोध किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News