सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने अडाणी ग्रुप का उठाया मुद्दा, सरकार ने मांगा सहयोग

punjabkesari.in Monday, Jan 30, 2023 - 06:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  संसद के बजट सत्र से पहले सोमवार को सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने अदाणी समूह से जुड़ा विषय, कुछ राज्यों में राज्यपालों के कामकाज, जाति आधारित गणना और महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने का मुद्दा उठाया। वहीं, सरकार ने कहा कि वह संसद में नियमों के तहत हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है और सदन सुचारू रूप से चलाने में सहयोग चाहती है। 

कई दलों ने महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था से जुड़े विषय तथा राज्यों के साथ राजस्व की हिस्सेदारी में केंद्र द्वारा कथित तौर पर पक्षपात करने का मुद्दा उठाने का भी इरादा जताया। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सर्वदलीय बैठक के बाद कहा, ‘‘ सरकार संसद में नियमों के तहत हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है, हम विपक्ष का सहयोग चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संसद सत्र कल (मंगलवार) से प्रारंभ हो रहा है, इसलिये रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई।

27 राजनीतिक दलों के 37 नेताओं ने लिया हिस्सा  
जोशी ने बताया कि इस बैठक में 27 राजनीतिक दलों के 37 नेताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस पार्टी के अधिकांश नेता श्रीनगर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन कार्यक्रम में शामिल थे। ऐसे में बैठक में कांग्रेस से कोई मौजूद नहीं था। कांग्रेस के जिन नेता को बैठक में जाना था, वे पहुंच नहीं पाए। जोशी ने कहा कि उनके (कांग्रेस) सदन के नेता मंगलवार को मिलकर अपने विचारों से अवगत करायेंगे।

बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे। इसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस के फारूख अब्दुल्ला, आम आदमी पार्टी (आप) के संजय सिंह, द्रमुक के टी आर बालू, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, अन्नाद्रमुक के थम्बीदुरै, शिवसेना से प्रियंका चतुर्वेदी आदि शामिल हुए।

समझा जाता है कि बैठक में आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा सहित द्रमुक, वाम दलों आदि ने अदाणी समूह से जुड़ा मुद्दा उठाया और संसद सत्र के दौरान इस पर चर्चा कराने की मांग की।

 अदाणी समूह पर साधा निशाना
गौरतलब है कि अमेरिकी फॉरेंसिक फ़ाइनेंशियल कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदाणी समूह पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे, जिसके बाद समूह की कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ दिन में भारी गिरावट आई है। अदाणी समूह ने हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के जवाब में रविवार को 413 पृष्ठ का ‘स्पष्टीकरण’ जारी किया है। राजद के मनोज झा और आप के संजय सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एलआईसी ने अदाणी समूह में काफी धन निवेश किया है, लाखों की संख्या में लोगों का करोड़ों रूपया इसमें लगा है।

 सरकार ने बजट सत्र से पहले विभिन्न विषयों पर आम राय बनाने के लिये सोमवार (30 जनवरी) को राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलायी थी। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। 31 जनवरी को ही सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2023 को वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा और दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के दौरान 27 बैठक होंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News