यौन उत्पीड़न मामला: बच्ची की हालत नाजुक, हो सकती है एक और सर्जरी

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2020 - 12:51 PM (IST)

नई दिल्लीः  शारीरिक प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 12 वर्षीय बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बच्ची को बृहस्पतिवार रात को अस्पताल के न्यूरो सर्जरी आईसीयू में स्थानांतरित किया गया। 

PunjabKesari

अस्पताल के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी से कहा, “उसकी हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है। उसे न्यूरो सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है लेकिन उसके प्लेटलेट कम हैं। उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। उसके सिर पर गंभीर चोट आई हैं।” मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने फोन पर बच्ची के माता पिता और डॉक्टर से बात की है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, “यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 12 वर्षीय बच्ची के डॉक्टरों और माता पिता से मैंने फोन पर बात की है। कल अस्पताल जाकर मैंने बच्ची का हालचाल लिया था। वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं। कृपया उसके लिए प्रार्थना करें। इस बीच पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।” मंगलवार को कृष्ण नामक एक 33 वर्षीय व्यक्ति ने पश्चिमी दिल्ली स्थित बच्ची के घर में घुसकर उसका यौन उत्पीड़न किया और उसके चेहरे और सिर पर तेज धार वाले हथियार से वार किया। 

PunjabKesari

एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बृहस्पतिवार को बताया था कि बच्ची का मलाशय और आंतें बुरी तरह जख्मी थीं। उन्होंने कहा कि शायद कोई चीज उनके अंदर डाली गई थी जिसके कारण बच्ची को तुरंत इलाज की जरुरत थी और उसके यहां आते ही सर्जरी की गई। वीभत्स तरीके से किए गए इस अपराध को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने‘‘बर्बर'' करार दिया। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को कृष्ण को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को चोरी के इरादे से घर में घुसा था। मकान का दरवाजा थोड़ा खुला देखकर वह अंदर चला गया। वह एक सूटकेस लेकर भाग ही रहा था कि बच्ची ने शोर मचा दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने सिलाई मशीन उठाकर बच्ची पर फेंकी।


बच्ची ने फिर भी लड़ना नहीं छोड़ा, इसके बाद आरोपी ने उसके शरीर पर कैंची से कई जगह वार किया और वहां से फरार हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह कृष्ण की कहानी का सत्यापन कर रही है। पश्चिम विहार पुलिस पहले ही इस संबंध में भादंसं की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर चुकी है। गौरतलब है कि कृष्ण पहले भी ऐसा अपराध कर चुका है और उसमें पीड़ित महिला की मौत हो गई थी। इस बीच दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एम्स में पीड़िता के माता पिता से मुलाकात की और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की मांग की। उन्होंने पीड़िता के माता पिता को आर्थिक सहायता की पेशकश की और मांग की कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दी गई 10 लाख रुपये की सहायता राशि को बढ़ाया जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News