शाहीनबाग के बाद खुरेजी में प्रदर्शन शुरू, CAA-NRC के खिलाफ बैठीं महिलाएं

punjabkesari.in Tuesday, Jan 14, 2020 - 08:38 PM (IST)

नेशनल डेस्कः नागरकिता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में CAA के खिलाफ महिलाओं के चल रहे प्रदर्शन के साथ ही खुरेजी में भी महिलाओं का धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। शाहीनबाग में विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित महिलाएं मंगलवार दोपहर में खुरेजी में एकत्रति हुईं और सीएए के प्रति अपना विरोध जाहिर किया। बताया जा रहा है कि खुरेजी में कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है और अब इसमें भीड़ बढ़ने लगी है।
PunjabKesari
खुरेजी में शुरू में तो कोई 40-50 महिलाओं ने धरना प्रदर्शन शुरू किया, लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई और अब इसमें स्थानीय लोग भी शामिल होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार रात यहां 500 से ज्यादा महिलाएं थीं। लेकिन मंगलवार को CAA/NRC/NPR के खिलाफ विरोध जताने वाली महिलाओं की संख्या बढ़कर एक हजार से ज्यादा हो गई। ये महिलाएं नागरिकता कानून के खिलाफ नारे लगाकर अपना विरोध जता रही हैं। वहीं एक हजार से ज्यादा स्थानीय नागरिक भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं।
PunjabKesari
सामाजिक कार्यकर्ता नदीम खान ने बताया कि शुरू में पुलिस ने धमकाने और विरोध करने वाली महिलाओं को तितर-बितर करने की कोशिश की, लेकिन खुरेजी की बहादुर महिलाएं अपनी जमीन पर अड़ी रहीं। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने सीएए के खिलाफ लोगों से समर्थन मांगना शुरू कर दिया है।
PunjabKesari
बता दें कि दिल्ली के शाहीनबाग में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध को पूरे 30 दिन हो गए हैं। पिछले 30 दिनों से सैकड़ों लोग सड़क पर डेरा जमाए हुए हैं। इनकी मांग है कि सरकार नागरिकता कानून पर अपना फैसला बदले। इस कानून के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में सड़क पर वकील भी उतरे और सुप्रीम कोर्ट से लेकर जंतर-मंतर तक मार्च निकाला।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News