आतंकी हमले की आशंका: दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ ऐक्शन, अब तक 12 गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Nov 08, 2021 - 12:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आतंकी हमले की आशंका के बीच दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अवैध रूप से और अवधि खत्म होने के बावजूद यहां रह रहे विदेशियों का डाटा खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को खबर मिली है कि दिल्ली में कई हजार विदेशी अवैध रूप से रह रहे हैं। कई विदेशी ऐसे हैं जिनकी वीजा अवधि खत्म हो चुकी है लेकिन फिर भी वो यहां रह रहे हैं। उत्तम नगर थाना पुलिस ने हस्तसाल के एक मकान में अवैध रूप से रह रहे 12 विदेशियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नागरिकों के पास न तो पासपोर्ट मिला है और न वीजा। पुलिस ने बिना सत्यापन के विदेशियों को किराए पर मकान देने वाले मकान मालिक के खिलाफ भी सरकारी आदेश को उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है।

 

पुलिस गिरफ्तार विदेशियों को उनके देश भेजने की कानूनी प्रक्रिया कर रही है। दरअसल पाकिस्तानी नागरिक मो. अशरफ के पकड़े जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने यह कदम उठाया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विदेशी नागरिकों को ढूंढने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गृह मंत्रालय के आदेश के बाद विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने दिल्ली में अवैध रूप से और समय सीमा खत्म होने के बाद से भी यहां ठहरे हुए विदेशी नागरिकों की सूची पुलिस को भेजी है।

 

दिल्ली पुलिस ने इस सूची को जिला डीसीपी को भेजी है और उन्होंने आगे सभी थानाध्यक्षों को यह सूची फॉरवर्ड की है। थाना पुलिस अब अपने इलाके में रहने वाले विदेशी नागरिकों का वेरिफिकेशन कर रही है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बैठे एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पूर्व जिले में कुल 65 विदेशी समय खत्म होने के बाद भी रुके हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 51 नागरिक अफगानिस्तान, 5 बांग्लादेश और 4 युगांडा के हैं।

 

अफगानिस्तान के सबसे ज्यादा 23 नागरिक हजरत निजामुद्दीन और 22 लाजपत नगर में रह रहे हैं।  हाल ही में पुलिस अधिकारियों ने पाकिस्तान की कुख्यात इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) का आतंकी मो. अशरफ को पकड़ा था जो करीब 18 साल से भारत में रह रहा था। वह कई आतंकी वारदातों  में शामिल रह चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News