अभिषेक बनर्जी फिर बनाए गए टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव

punjabkesari.in Saturday, Feb 19, 2022 - 07:26 AM (IST)

कोलकाताः तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया और साथ ही नई टीम में अपने पुराने समर्थकों को भी जगह दी। बनर्जी ने आज पार्टी पदाधिकारियों की नई टीम का गठन किया। पार्टी ने वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुब्रत बख्शी और चंद्रिमा भट्टाचार्य को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। 

बनर्जी के भरोसेमंद और आवास मंत्री फिरहाद हकीम को उनके और राष्ट्रीय कार्यसमिति के बीच समन्वय का प्रभार सौंपा गया है जबकि पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अरूप विश्वास को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। राज्यसभा में पार्टी के सचेतक सुखेंदु शेख राय और लोककसभा सदस्य काकोली घोष दस्तीदार संसद के उपरी (राज्यसभा) एवं निम्न सदन (लोकसभा) में क्रमश: पार्टी के प्रवक्ता होंगे। कृष्णानगर ककी से सांसद महुआ मोईत्रा को मीडिया के साथ तालमेल बनाने का काम सौंपा गया है। 

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन, जो पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता थे, को नयी टीम में जगह नहीं मिली है। राजनीतिक पर्यवेक्षक अभिषेक की दोबारा नियुक्ति को पार्टी में ममता बनर्जी के उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पुष्टि के तौर पर देख रहे हैं। पार्टी सुप्रीमो बनर्जी ने पुराने लोगों को संगठन में बड़े पद देकर उन्हें शांत करने का प्रयास किया है। इस प्रकार पार्टी में कुछ युवा नेताओं की 'एक पार्टी, एक पद' की बढ़ती मांग शांत हो गई है। 

पुराने नेताओं और युवा नेताओं के बीच बढ़ती आंतरिक कलह के बीच बनर्जी ने पिछले हफ्ते तत्कालीन राष्ट्रीय पदाधिकारी समिति और इसके तहत आने वाले विभागों को भंग कर दिया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी के दिग्गजों से भरी इस 20 सदस्यीय कार्यसमिति का गठन किया। कांग्रेस छोड़कर आयीं सुष्मिता देव और सुबाल भौमिक तथा मुकुल संगमा को पूर्वोत्तर का पार्टी का प्रभारी बनाया गया है। बनर्जी ने अपने प्रधान मुख्य सलाहकार अमित मित्रा और यशवंत सिन्हा को आर्थिक एवं विदेश नीति पर पार्टी की मसौदा नीति बनाने का काम सौंपा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News