ये कैसी दोस्ती? भारत को 833 दिन वेटिंग तो चीन को 2 दिन में वीजा दे रहा अमेरिका

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2022 - 10:20 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत से अमेरिका जाने वालों को वीजा के लिए 2 साल तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और इससे उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा। भारत के कई इंटरनेट यूजर्स ने अमेरिकी वीजा के लिए भारतीयों की ओर से किए गए आवेदन पर फैसला लेने में होने वाली देरी को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करने के वास्ते ट्विटर का सहारा लिया।

 

कुछ यूजर्स ने कहा कि यह देरी भारतीय छात्रों और पेशेवरों के हितों को ‘नुकसान' पहुंचा रही है। उन्होंने ट्विटर पर ऐसी मीडिया रिपोर्ट साझा कीं, जिनमें कुछ मामलों में वीजा प्रतीक्षा अवधि के ‘एक साल से अधिक' होने का जिक्र किया गया है।

 

अपॉइंटमेंट वेटिंग टाइम 833 दिन

अमेरिका में जितने अंतर्राष्ट्रीय छात्र पढ़ने के लिए जाते हैं, उनका 20 फीसदी हिस्सा सिर्फ भारतीय छात्र होते हैं। इन दिनों भारतीय छात्रों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि अमेरिका दूतावास 430 दिन का समय स्टूडेंट वीजा के लिए मांग रहा है। वहीं भारतीय मूल के लोगों के लिए अमेरिका का विजिटर वीजा अपॉइंटमेंट वेटिंग टाइम 833 दिन है। सबसे अधिक बुरी हालत अमेरिका में भारतीय पेशेवर की है, जिनको तीन साल बाद अमेरिका से स्टैंप आउट कर दोबारा एंट्री करवानी पड़ती है।

 

भारतीय पासपोर्ट होने के कारण उनको वीजा मिल नहीं रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी अमेरिका में एच-1बी वीजा पर काम करने वाले भारतीयों के सामने आ रही है। एक पेशेवर ने  विदेश मंत्री एस जयशंकर को टैग करते हुए लिखा, “सर, भारत-अमेरिका के बीच वीजा का मुद्दा कई छात्रों और पेशेवरों के हितों को वाकई नुकसान पहुंचा रहा है। कृपया, उनकी आवाज उठाने में मदद करें।” बता दें कि बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के सामने वीजा देरी का मुद्दा उठाया था। एंटनी ब्लिंकन ने वीजा देरी के पीछे कोरोना को कारण बताया था।

 

चीन दो दिन में दे रहा वीजा

जहां अमेरिका भारत को वीजा देने के पीछे कोरोना को का कारण बता रहा है। वहीं बीजिंग के वेटिंग टाइम सिर्फ 2 दिन है। इस्लामाबाद के लिए 450 दिन है। छात्र वीजा के लिए, दिल्ली और मुंबई के लिए प्रतीक्षा समय 430 दिन है। राजधानी में विजिटर वीजा के लिए 833 दिन जबकि अन्य वीजा के लिए 390 दिनों का वेटिंग टाइम है। इसी तरह मुंबई में विजिटर वीजा के लिए 848 दिनों तो अन्य वीजा के लिए 392 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे साफ है कि अमेरिका सिर्फ भारतीयों को ही देरी से वीजा दे रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News