मार्च में ही गर्मी का सितम, दिल्ली में 40 डिग्री तापमान का टॉर्चर! आज और कल लू का अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 29, 2022 - 09:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मार्च के महीने में ही उत्तर भारत में गर्मी सताने लग गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। 29 और 30 मार्च को दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस दौरान दिल्‍ली-एनसीआर में तेज गर्म लू चलेगी। 

 

मार्च में ही पारा 40 डिग्री
मार्च महीने में ही पारा 40 डिग्री तक पहुंचने वाला है। लू चलने के कारण दिल्ली-एनसीआर के लोगों को काफी परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात में भी गर्मी से लोग परेशान है। IMD के मुताबिक, अहमदाबाद का न्यूनतम तापमान आज 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।

 

यहां भी गर्मी का सितम
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा और उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गैंगटिक पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग, उत्तरी महाराष्ट्र और मराठावाड़ा में 30 मार्च से 1 अप्रैल तक तेज गर्म हवाएं चलेंगी। इसके अलावा जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश और सौराष्ट्र-कच्छ में अगले दो दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और राजस्थान में लोगों को भी अगले पांच दिनों तक गर्म हवाओं से राहत नहीं मिलेगी। झारखंड में भी तापमान में वृद्धि होने वाली है। यहां कम से कम 10 जिलों में अगले तीन दिन लू चलेगी।

 

इन राज्यों में हो सकती है बारिश
इस महीने के अंत तक पूर्वोत्तर में बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक छिटपुट बारिश की संभावना है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, उड़ीसा के अलग-अलग इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में बारिश हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News