बतौर CM-PM नरेंद्र मोदी के सत्ता में 20 साल: लिए कई बड़े फैसले...जब पूरी दुनिया रह गई हैरान

punjabkesari.in Thursday, Oct 07, 2021 - 11:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी के सत्ता में गुरुवार (7 अक्तूबर) को 20 साल पूरे हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले सात साल से देश के प्रधानमंत्री हैं। संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्हें 20 साल पूरे हो रहे हैं। नरेंद्र दामोदर दास मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में हुआ था। 71 साल के पीएम मोदी ने अपना ज्यादातर जीवन देश को समर्पित किया है। 7 अक्तूबर 2001 को मोदी ने गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था।

PunjabKesari

22 मई 2014 तक वह लगातार चार बार मुख्यमंत्री पद पर बने रहे। 2014 को लोकसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई और नरेंद्र मोदी को देश का 15वां प्रधानमंत्री चुन लिया गया। अपने कार्यकाल के दौरान जहां मोदी गुजरात को नई ऊंचाइयों पर ले गए तो वहीं प्रधानंंमंत्री रहते हुए उन्होंने कई बड़े औऱ कड़े फैसले लिए जिनकी विपक्ष ने भले ही आलोचना की हो लेकिन देशवासियों के दिलों में उनकी आज भी छवि एक दृढ़ नेता की है। पीएम मोदी ने भले ही कुछ फैसले सख्ती से लिए हैं लेकिन आज भी वो विश्व के लोकप्रिय नेताओं की लिस्ट में टॉप पर हैं। टि्वटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मिलाकर उनके कुल 177 मिलियन फॉलोवर्स हैं। सिर्फ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के संयुक्त रूप से इतने फॉलोवर्स हैं। इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी के 60 मिलियन फॉलोवर्स हैं, जो कि दुनिया में किसी राजनेता के सबसे ज्यादा हैं।

PunjabKesari

नोटबंदी
प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 की रात 8 बजे अचानक 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद करने के उनके ऐलान ने देशभर को चौंका कर रख दिया। पीएम मोदी के इस फैसले की चर्चा पूरी दुनिया में हुई। पीएम मोदी के इस फैसले से भले ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन देश की जनता उनके साथ खड़ी रही। वहीं कुछ विपक्षी नेताओं ने पीएम मोदी की तारीफ की तो कुछ ने विरोध।

PunjabKesari

सर्जिकल स्ट्राइक
18 सितंबर 2016 को आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के उड़ी सेक्टर में भारतीय सेना के मुख्यालय पर हमला कर दिया, इसमें 19 जवान शहीद हुए जबकि 30 से ज्यादा जवान घायल हुए। जवाबी फायरिंग में चार आतंकी भी मारे गए थे। इसके बाद पीएम मोदी ने हाईलेवल कमेटी की बैठक की और इस हमले का ऐसा जवाब दिया कि किसी ने सोचा भी नहीं था।  28 सितंबर 2016 जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया।

PunjabKesari

बालाकोट एयरस्ट्राइक
14 फरवरी, 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती बम हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 40 जवान शहीद हो गए थेो। इसके 12 दिन बाद, 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी लांचिंग पैड को तबाह कर दिया था। भारत द्वारा की गई एयरस्ट्राइक ने पूरी दुनिया को चौंका कर रख दिया था।

 

‘तीन तलाक’ खत्म करने के लिए कानून
अपने दूसरे कार्यकाल में पीएम मोदी ने कई अहम फैसले लिए। 30 जुलाई 2019 को संसद से “तीन तलाक” के खिलाफ कानून पारित किया गया। इसे सरकार ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) विधेयक, 2019 नाम दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कानून पारित होने के बाद कहा था कि यह बिल मुस्लिम महिलाओं के जीवन में आशा और सम्मान का एक नया युग लाएगा।

 

आर्टिकल 370 को खत्म किया
5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त कर जम्मू-कश्मीर से विशेष दर्जा वापस ले लिया था, इसके बाद उसने तत्कालीन राज्य को विभाजित कर दो केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का गठन किया था। राज्य में लंबे समय तक 4जी इंटरनेट बंद रहा था।

 

नागरिकता संशोधन कानून
साल 2019 में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) कानून लाया गया। CAA के तहत बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में दमन के शिकार ऐसे अल्पसंख्यकों गैर-मुस्लमों को नागरिकता प्रदान की जाएगी, जो 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ गए थे। CAA का पूरे देश में व्यापक रूप से विरोध हुआ था। साल 2020 की शुरुआत में इसके विरोध में दिल्ली दंगे भड़क गए थे।

 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020
29 जुलाई 2020 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को मंजूरी दी, इसे 34 साल पुरानी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NPE), 1986 की जगह लाया गया था। केंद्र सरकार के मुताबिक, एनईपी 2020 का लक्ष्य व्यवसायिक शिक्षा सहित उच्चतर शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को 26.3 प्रतिशत (2018) से बढ़ाकर 2035 तक 50 प्रतिशत करना है। उच्चतर शिक्षा संस्थानों में 3.5 करोड़ नई सीटें जोड़ी जाएंगी। स्कूल पाठ्यक्रम के 10+2 ढांचे की जगह 5+3+3+4 का नया पाठयक्रम संरचना लागू किया जाएगा जो क्रमशः 3-8, 8-11, 11-14, और 14-18 उम्र के बच्चों के लिए है।

 

देशव्यापी लॉकडाउन
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। 24 मार्च, 2020 को कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए पीएम मोदी ने देशव्यापी लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी। 22 मार्च, 2020 को 14 घंटे के ‘जनता कर्फ्यू’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 21 दिनों के लिए देश में संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया था। जिस समय देश में लॉकडाउन लगाया गया था तब कोरोना के इतने केस नहीं थे। विपक्ष ने लॉकडाउन लगाने का विरोध किया था लेकिन आखिरकार केंद्र सरकार का फैसला सही साबित हुआ और कोरोना की पहली लहर पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News