तीन उच्च न्यायालयों में 17 नए जज, इलाहाबाद हाईकोर्ट में सर्वाधिक 8 न्यायाधीश नियुक्त

punjabkesari.in Tuesday, Oct 12, 2021 - 08:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तीन उच्च न्यायालयों में मंगलवार को 17 नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई। उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम द्वारा पिछले महीने सरकार को विभिन्न नामों की अनुशंसा भेजे जाने के बाद तीसरी बार उच्च न्यायालयों में नियुक्तियां हुई हैं। इलाहाबाद, मद्रास और गौहाटी उच्च न्यायालयों में जिन न्यायाधीशों की नियुक्तियां हुई हैं उनमें 15 वकील हैं और दो न्यायिक अधिकारी हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में आठ, गौहाटी उच्च न्यायालय में पांच और मद्रास उच्च न्यायालय में चार न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई। 

कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने नई नियुक्तियों एवं पदोन्नति की अलग से सूची जारी की। उच्च न्यायपालिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति से अवगत लोगों का कहना है कि हाल में एक दिन में इतने न्यायाधीशों की नियुक्तियां नहीं की गई हैं। उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने आठ अगस्त से एक सितंबर के बीच विभिन्न उच्च न्यायालयों की अनुशंसा पर 100 नामों पर विचार किया था और अंतत: 12 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति के लिए सरकार के पास 68 नाम भेजे थे। इसके बाद सरकार को कुछ और नाम भेजे गए।

तीन वकीलों और दो न्यायिक अधिकारियों को 11 अक्टूबर को राजस्थान उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया। इसी तरह, 11 अक्टूबर को सात न्यायाधीशों का विभिन्न उच्च न्यायालयों में तबादल किया गया। उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम की अनुशंसा के आधार पर नौ अक्टूबर को आठ न्यायाधीशों को उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया था और पांच उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों का तबादला किया गया था। इससे पहले,पांच अक्टूबर को 11 उच्च न्यायालयों के 15 न्यायाधीशों का तबादला हुआ था। इन तबादलों के लिए उच्चतम न्यायालय की कॉलेजियम ने पिछले महीने अनुशंसा की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News