लद्दाख: 20 महीने के लंबे गतिरोध को सुलझाने पर चर्चा, भारत-चीन के बीच 14वें दौर की सैन्य वार्ता जारी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 12, 2022 - 01:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत और चीन के बीच बुधवार को 20 महीने के लंबे सैन्य गतिरोध को सुलझाने के लिए 14वें दौर की सैन्य वार्ता एक बार फिर से शुरू हुई। सैन्य कमांडर स्तर की इस वार्ता में पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले शेष स्थानों से दोनों देशों के सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया पर चर्चा होगी। वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेह स्थित 14 कोर के नवनियुक्त कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और चीनी टीम का नेतृत्व दक्षिण शिनजियांग सैन्य जिला प्रमुख मेजर जनरल यांग लिन कर रहे हैं।

 

नई दिल्ली स्थित सूत्रों के मुताबिक, भारत और चीन के बीच ‘वरिष्ठ उच्चतम सैन्य कमांडर स्तरीय' वार्ता वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के चीन की ओर चुशुल-मोल्दो में हो रही है। बता दें कि इससे पहले मंगलवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन का बयान आया था कि वार्ता का मुख्य केंद्र बिंदु हॉट स्प्रिंग इलाके में सैनिकों को पीछे हटाना होगा। यह उम्मीद की जा रही है कि भारत देपसांग बल्ग और डेमचोक में मुद्दों के समाधान सहित टकराव वाले सभी शेष स्थानों पर यथाशीघ्र सैनिकों को पीछे हटाने के लिए जोर देगा।

 

बता दें कि 13वें दौर की सैन्य वार्ता 10 अक्तूबर 2021 को हुई थी और गतिरोध दूर नहीं कर पाई थी। पैंगोंग झील इलाके में पांच मई 2020 को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प होने के बाद पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध पैदा हुआ था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News