अरब सागर में निम्न दबाव, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से महाराष्ट्र, गुजरात में बेमौसम बारिश

punjabkesari.in Wednesday, Dec 01, 2021 - 10:22 PM (IST)

मुंबई, एक दिसंबर (भाषा) अरब सागर में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मुंबई, इसके उपनगरीय इलाकों और उत्तरी और मध्य महाराष्ट्र तथा गुजरात के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दो दिसंबर तक बारिश का यह दौर जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख जयंत सरकार ने बताया कि पालघर, ठाणे, रायगढ़, मुंबई, नासिक, धुले, नंदुरबार में भी बुधवार को बारिश हुई।

नवंबर-दिसंबर में महाराष्ट्र में सामान्य तौर पर बारिश नहीं होती है लेकिन, दक्षिण पूर्व और पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बनी चक्रवाती हवाओं की वजह से बारिश हुई है। आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की प्रमुख सती देवी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के संपर्क से भूमध्यसागरीय क्षेत्र में एक चक्रवाती प्रवाह उत्पन्न होता है। इस वजह से उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी होती है। उन्होंने कहा, ‘‘इन दो मौसमी प्रणालियों के कारण बुधवार को गुजरात, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कोंकण में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। बारिश दो दिसंबर को भी जारी रहने का अनुमान है।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News