मुंबई में सिलेंडर फटने के बाद आग लगी, चार लोग घायल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 30, 2021 - 10:10 PM (IST)

मुंबई, 30 नवंबर (भाषा) मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार सुबह एक चॉल में सिलेंडर फटने के बाद लगी आग में चार महीने के बच्चे समेत एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नवजात और एक अन्य घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना वर्ली इलाके में गणपतराव जाधव मार्ग पर स्थित एक बीडीडी चॉल में हुई।

अधिकारी ने कहा कि एक सिलेंडर फटने के बाद चॉल के उस कमरे में आग लग गई, जहां परिवार रह रहा था। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह पहले स्तर की आग थी। एक दमकलकर्मी और पानी के टैंकर को मौके पर भेजा गया। कुछ समय बाद आग पर काबू पा लिया गया।’’
उन्होंने कहा कि चारों घायलों का निगम संचालित नायर अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक शिशु और एक अन्य व्यक्ति आनंद पुरी (27) की हालत गंभीर है।

इस बीच, नायर अस्पताल के डीन डॉ रमेश भारमल ने एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद विभागीय जांच का आदेश दिया है। वीडियो में दिखा है कि अस्पताल लाए जाने के बाद पीड़ितों को तुरंत भर्ती नहीं किया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि क्लिप के बारे में पता चलने के बाद डॉ भारमल ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News