कतर में मादक पदार्थ मामले में दोषी पाये जाने के बाद मुंबई लौटा दंपति

punjabkesari.in Thursday, Apr 15, 2021 - 07:02 PM (IST)

मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) कतर में 2019 में मादक पदार्थ मामले में शुरूआत में दोषी ठहराये गये मुंबई के दंपति ओनिबा और शारिक कुरैशी बृहस्पतिवार को अपनी बेटी के साथ वापस यहां लौटा।

इस दंपति को पहले मादक पदार्थ मामले में दोषी ठहराते हुए दस वर्ष जेल की सजा सुनाई गई थी। बाद में यह पता चला कि दंपति के बैग में उनके किसी रिश्तेदार ने बिना उन्हें बताये यह मादक पदार्थ रखा था, जिसके बाद उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के एक अधिकारी ने बताया कि दंपति रात ढाई बजे हवाई अड्डा पहुंचा।
दंपति को जुलाई 2019 में कतर के अधिकारियों ने हमद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 4.1 किलोग्राम हशीश के साथ गिरफ्तार किया था।

अधिकारी ने बताया कि बाद में यह पता चला कि शारिक की रिश्तेदार तबस्सुम कुरैशी ने मादक पदार्थ की तस्करी के लिए उनका इस्तेमाल किया। तबस्सुम ने ही उनकी यात्रा का बंदोबस्त किया था।

घटना के वक्त शारिक जापान की एक कंपनी में कार्यरत थे और ओनिबा को अपने गर्भवती होने का पता चला था। ओनिबा ने पिछले साल फरवरी में जेल में बेटी आयत को जन्म दिया था।

दंपति के परिजनों ने भारत सरकार से संपर्क कर मामले में दखल देने की मांग की थी। इसके बाद एनसीबी ने कतर में अधिकारियों से संपर्क किया। दंपति ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी। अंत में दंपति को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।

दंपति के रिश्तेदारों ने पत्रकारों से कहा कि वे भारत सरकार और एनसीबी के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित की।

दंपति के अभिभावक और उनके रिश्तेदार उनके पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही मुंबई हवाई अड्डे पहुंच गये थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News