राहुल, प्रियंका को हिरासत में लिए जाने पर महाराष्ट्र कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2020 - 08:32 PM (IST)

मुंबई, एक अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी के साथ बदसलूकी भी की गयी है।

राहुल और प्रियंका दोनों पीड़ित दलित परिवार से मिलने उत्तर प्रदेश के हाथरस जिला जा रहे थे।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने दक्षिण मुंबई में मंत्रालय (राज्य सचिवालय) के समीप स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया।

राज्य के राजस्व मंत्री और महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख बालासाहेब थोराट ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लड़ती रहेगी।

थोराट ने कहा, ‘‘कांग्रेस दबाव की राजनीति के सामने नहीं झुकेगी। आज की घटना से साबित होता है कि उत्तर प्रदेश में विधि का शासन नहीं है, बल्कि जंगल राज है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार आरोपी को बचाना चाहती है, इसलिए उसने राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा को परिवार से मिलने से रोका।’’
आज दिन में उत्तर प्रदेश पुलिस ने राहुल और प्रियंका को ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया। दोनों दलित युवती के परिवार से मिलने पैदल हाथरस जा रहे थे।

पुलिस जब राहुल गांधी और उनके समर्थकों को यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगे बढ़ने से रोक रही थी, उसी दौरान वह गिर पड़े थे।

थोराट के अलावा महाराष्ट्र के गठबंधन सरकार में शामिल कांग्रेस के मंत्री सतेज पाटिल, अमित देशमुख, असलम शेख, वर्षा गायकवाड, पूर्व मंत्रियों नसीम खान, अनीस अहमद, मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड और पूर्व मुख्यमंत्री पृथवीराज चव्हाण ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी की और उनकी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोक निर्माण विभाग के मंत्री अशोक चव्हाण ने पार्टी के दोनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की।

चव्हाण ने कहा, ‘‘राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने ऐसा क्या किया है कि उन्हें हिरासत में लिया गया और उन्हें परिवार से मिलने क्यों नहीं दिया गया? उत्तर प्रदेश सरकार सच्चाई का सामना करने को लेकर क्यों डरी हई है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में राज्य-प्रायोजित आतंकवाद अपने चरम पर है। राहुल गांधी और प्रिंयका गांधी को परिवार से मिलने के लिए हाथरस जाने से क्यों रोका गया? उन्हें हिरासत में क्यों लिया गया?’’
चव्हान ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की आलोचना करता हूं। योगी आदित्यनाथ किस बात से डरे हुए हैं? उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News