कोविंद ने सशस्त्र बलों में महिलाओं की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता जतायी

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2022 - 08:00 PM (IST)

बेंगलुरु, 13 जून (भाषा) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सशस्त्र बलों में शामिल होने वाली महिलाओं की बढ़ती संख्या पर सोमवार को प्रसन्नता व्यक्त की।

कोविंद ने कहा, ‘‘सर्वोच्च कमांडर के रूप में, मैं सशस्त्र बलों में लड़ाकू भूमिकाओं सहित महिलाओं की बढ़ती संख्या को देखकर खुश हूं। मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि, हाल ही में कैप्टन अभिलाषा बराक आर्मी एविएशन कोर में एक ‘कॉम्बैट एविएटर’ के तौर पर शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं।’’
कोविंद राष्ट्रीय सैन्य स्कूल (आरएमएस), बेंगलुरु के ‘प्लैटिनम जुबली’ समारोह का उद्घाटन कर रहे थे।

कोविंद को यह जानकर भी खुशी हुई कि इस साल से देश भर के राष्ट्रीय सैन्य स्कूल में बालिका कैडेट को प्रवेश मिलने जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के द्वार भी लड़कियों के लिए खोल दिए गए हैं।

कोविंद ने कहा, ‘‘हमारी बेटियां क्षितिज को छू रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नये रिकॉर्ड स्थापित कर रही हैं, देश को गौरवान्वित कर रही हैं। जब मैं देश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों में जाता हूं, तो मुझे लड़कियों के लड़कों से आगे निकलने के कई उदाहरण मिलते हैं।’’
राष्ट्रपति ने रेखांकित किया कि आरएमएस, बेंगलुरु को देश के बेहतरीन बोर्डिंग स्कूलों में से एक माना जाता है। रक्षा बलों में कर्नाटक के योगदान के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय हमेशा फील्ड मार्शल के. एम. करियप्पा के योगदान को संजो कर रखेंगे, जो इस माटी के सपूत थे।

कोविंद ने कहा, ‘‘जैसा कि आप सभी जानते हैं, वह (फील्ड मार्शल करियप्पा) हमारी सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ थे और दो जनरलों में से एक थे जिन्हें फील्ड मार्शल के पद से सम्मानित किया गया था, जो भारतीय सेना में सर्वोच्च रैंक है।’’
कोविंद ने यह भी याद किया कि उन्होंने पिछले साल मदिकेरी में कर्नाटक के एक अन्य महान सपूत को समर्पित जनरल तिमैया संग्रहालय का उद्घाटन किया था। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘कर्नाटक के इन दोनों महान जनरलों को हमारे दो बेहतरीन सैन्य कमांडरों के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।’’
कोविंद ने कहा कि राज्य आधुनिक शिक्षा और प्रौद्योगिकी के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने रेखांकित किया कि नवीनतम ''इंडिया इनोवेशन इंडेक्स'' में कर्नाटक को सभी राज्यों में शीर्ष स्थान मिला है, जबकि बेंगलुरु विश्व स्तर पर सीखने, प्रौद्योगिकी और उद्यम के अतुलनीय केंद्र के रूप में उभरा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में कर्नाटक उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।

राष्ट्रीय सैन्य स्कूलों के चरित्र के वास्तव में राष्ट्रीय होने की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि 23 राज्यों के कैडेट वर्तमान में आरएमएस, बेंगलुरु में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News