पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा कोरोना वायरस से संक्रमित

punjabkesari.in Saturday, Jan 22, 2022 - 06:56 PM (IST)

बेंगलुरु, 22 जनवरी (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उनसे करीब से जुड़े सूत्र ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया, “वह कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाए गए हैं, लेकिन उनमें लक्षण नहीं हैं। उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
उन्होंने बताया कि जद (एस) नेता एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
अस्पताल के बुलेटिन में बताया गया है कि देवेगौड़ा को शुक्रवार को भर्ती कराया गया, तब से उनकी स्थिति चिकित्सकीय रूप से स्थिर है।

बुलेटिन में कहा गया है, ‘‘ उनके महत्वपूर्ण मानदंड सामान्य सीमा के दायरे में हैं और उनपर उपचार का असर हो रहा है। वह ठीकठाक हैं और अपने कमरे से अपनी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। हमारे विशेषज्ञ लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।’’
सूत्रों ने बताया कि देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा की कोविड-19 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और वह घर पर हैं।

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने देवेगौड़ा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। बोम्मई ने ट्वीट किया, “मैं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के कोरोना वायरस संक्रमण से शीघ्र स्वस्थ होने और सामान्य तरीके से काम जारी रखने की कामना करता हूं।”
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर ने भी देवेगौड़ा के जल्द स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज कर रहे चिकित्सकों के संपर्क में हैं और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ले रहे हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News