भाजपा द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न का कोई अंत नहीं है: डीके शिवकुमार

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 07:53 PM (IST)

बेंगलुरु, 14 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा खुद को निशाना बनाए जाने का दावा करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि हाल की मेकेदातु पदयात्रा के मद्देनजर उनके लिए पैदा की जा रहीं परेशानियों का कोई अंत नहीं होगा।

उन्होंने पदयात्रा के दौरान कोविड-19 प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में उनके और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने को लेकर प्रशासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर भाजपा नेताओं के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि मेकेदातु पदयात्रा के बाद सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, शिवकुमार ने कहा, "मेकेदातु हो या न हो, मुझ पर तरह-तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं, यह चल रहा है। मेरी बेटी मुझसे कह रही थी कि उन्होंने हमारे एक स्कूल को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं --- उत्पीड़न, इसका कोई अंत नहीं है। हमें इसके साथ ही जीना और मरना है।"
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि पदयात्रा के दौरान उनके और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हर रोज मामले दर्ज किए गए, जबकि मुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई जिन्होंने कोविड रोधी नियमों ​​​​का उल्लंघन किया।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News