कर्नाटक भाजपा ने शिवसेना नेता संजय राउत के बयान को ‘देश विरोधी’ बताया

punjabkesari.in Tuesday, Apr 20, 2021 - 07:19 PM (IST)

बेंगलुरु, 20 अप्रैल (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को शिवसेना के नेता संजय राउत के इस बयान को ‘कन्नड़-विरोधी’ और ‘देश-विरोधी’ करार दिया कि कन्नड के लोगों को मुंबई में व्यवसाय करने में दिक्कत हो सकती है। साथ ही भाजपा ने इसे लेकर राज्य के कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा।

कांग्रेस महाराष्ट्र में शिवसेना नीत महा विकास अघाड़ी सरकार का हिस्सा है।

उद्धव ठाकरे नीत महाराष्ट्र सरकार से कनार्टक के बेलगावी में पार्टी कार्यालय की स्थापना करने का अनुरोध करते हुए राउत ने रविवार को दावा किया था कि अगर सीमावर्ती जिले में मराठी भाषियों पर हमला हुआ तो शिव सैनिक कर्नाटक से आने वाली बसों में तोड़फोड़ करेंगे।

राज्यसभा सदस्य ने यहां तक चेतावनी दे दी कि यदि ऐसी कोई घटना मुंबई में होती है तो ‘‘कन्नड़ों के लिए यहां (मुंबई में) व्यापार/व्यवसाय करना मुश्किल होगा।’’ साथ ही उन्होंने कहा कि ‘‘किसी को भी उस स्तर तक नहीं जाना चाहिए।’’
राउत के इस बयान के संदर्भ में कर्नाटक भाजपा ने कहा, ‘‘ऐसे में जबकि भारत कोरोना से लड़ रहा है, यह बहुत आश्चर्य की बात है कि शिवसेना नेता संजय राउत देश विरोधी बयान दे रहे हैं।’’
भाजपा ने ट्वीट कर सवाल किया है, ‘‘क्या सिद्धरमैय्या (कर्नाटक विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता) और डी. के. शिवकुमार (राज्य कांग्रेस अध्यक्ष) महाराष्ट्र में अपने गठबंधन सहयोगी के कन्नड़ विरोधी इस बयान की आलोचना करेंगे? क्या वे सोनिया गांधी से एमवीए गठबंधन का साथ छोड़ने को कहेंगे ?’’
बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी कहा कि इस मुद्दे पर कर्नाटक कांग्रेस की चुप्पी दिखाती है कि ‘‘उन्हें कर्नाटक से ज्यादा सत्ता से प्रेम है।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार (महाराष्ट्र की) प्रतिदिन देश के लिए कलंक साबित हो रही है। संकट की घड़ी में जबकि देश को एकजुट होना चाहिए एमवीपी के नेता भाषा के आधार पर लोगों को बांट रहे हैं।’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News