अमरनाथ यात्रियों पर हमले के विरोध में सड़कों पर दिखा लोगों का आक्रोश

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2017 - 12:14 PM (IST)

कठुआ : अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले के बाद शहर में दूसरे दिन भी बंद का व्यापक असर देखने को मिला। यहां विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने सड़कों पर उतर कर आतंकी घटना का विरोध किया। जम्मू-कश्मीर पैंथर्स पार्टी ने शहीदी चौक में पुतला फूंक कर जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। अमरनाथ यात्रियों पर हमले को भाजपा-पी.डी.पी. गठबंधन सरकार की विफलता करार देते हुए पैंथर्स ने राज्य में राज्यपाल शासन लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पैंथर्स के जिला अध्यक्ष रोबिन शर्मा ने किया। इस अवसर पर मंदीप सिंह, नसीब सिंह, लक्की, सन्नी, राज कर्ण, इंद्रपाल सिंह, रमेश गुप्ता, शुभम सहित कई अन्य कार्यकर्त्ता भी उपस्थित थे। वहीं, नैशनल कांफ्रैंस के जिला सचिव धर्मपाल कुंडल ने भाजपा-पी.डी.पी. गठबंधन सरकार के खिलाफ जम कर रोष व्यक्त किया। उन्होंने राज्य में राज्यपाल शासन लागू करने की मांग करते हुए अमरनाथ यात्रियों पर हमले की कड़ी निंदा की।

 

राष्ट्रीय जनता दल ने भी बस स्टैंड चौक में जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का झंडा फूंक कर रोष व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेशाध्यक्ष मनोहर लाल डोगरा व तहसील अध्यक्ष एस.के. भंडारी ने राज्य में राज्यपाल शासन लागू करने की मांग की। उधर, नगरी व्यापार मंडल के सदस्यों ने अमरनाथ यात्रियों पर हमले को लेकर पाकिस्तान का पुतला फूंका। उन्होंने नगर में रोष मार्च निकालते हुए ऐरवां चौक में पहुंच कर जम कर प्रदर्शन किया व पुतला फूंका। इस अवसर पर अनिल सिंह अंदोत्रा, तृप्त शर्मा, खेम सिंह, अनिल पुरी, राजीव शर्मा, राम कृष्ण, खेम राज, रोशन लाल शर्मा, मुल्ख राज, व्यास देव सहित कई अन्य ने पहले 2 मिनट मौन रख कर मृतकों को श्रद्धांजलि भेंट की व उसके बाद पुतला फूंक कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हमला कायरतापूर्ण हरकत है। पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान का झंडा फूंक कर भड़ास निकाली। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व बजरंग दल के जिला संयोजक संजय लोत्रा ने किया। वहीं, गौरक्षा दल ने भी पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अमरनाथ यात्रियों पर हमले का विरोध किया। इस अवसर पर गौरक्षा दल के प्रदेश प्रभारी दविंद्र शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हमला शर्मनाक है। इस अवसर पर राकेश कुमार, बलबीर सिंह, राजू कुमार आदि मौजूद थे। वहीं, शिव सेना ने भी राधे-राधे महाराज के नेतृत्व में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अमरनाथ यात्रियों पर हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।

 

कठुआ में दिखा बंद का व्यापक असर

अनंतनाग में बीते सोमवार को अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले को लेकर कठुआ आज पूर्ण रूप से बंद रहा। सुबह से ही दुकानों पर ताले लटके मिले, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर निकल कर कुछ इक्का-दुक्का खुली दुकानों को बंद करवाया, जबकि यात्री वाहनों को भी रास्ते में रोक दिया गया। शहर के मुखर्जी चौक मार्कीट में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने भी बंद का भरपूर समर्थन किया। अमरनाथ यात्रियों पर हमले को लेकर लोगों में रोष साफ देखा जा सकता था। शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात थे।

 

कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने सरकार की शव यात्रा निकाल फूंका पुतला

युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने शहर में सरकार की शव यात्रा निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा-पी.डी.पी. सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने पारलीवंड चौक से मुखर्जी चौक तक शव यात्रा निकाल बाद में पुतले को अग्रिभेंट किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि आतंकी हमला सुरक्षा एजैंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए थे। यदि वह अमरनाथ यात्रा सुचारू ढंग से नहीं चला सकती तो राज्य में राज्यपाल शासन लागू किया जाए। इस अवसर पर शिशु कुमार, परविंद्र पाल सिंह, रवि भगत, सुशील शर्मा, अक्षय कोहली, विक्रम कोहली, अरुणजीत सिंह, लाडी भगत आदि उपस्थित थे।

 

बाइक रैली निकाल बंद करवाई दुकानें

उधर, युवा कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने शहर की सड़कों पर बाइक रैली निकाल कर खुली दुकानें बंद करवाईं। युवा कांग्रेस के पंकज शर्मा के नेतृत्व में सैंकड़ों कार्यकर्त्ताओं ने सड़कों पर चल रही बसों के पहिए रोके, जबकि कई दुकानों के भी शटर डाऊन करवाए। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेश कुमार शर्मा भी मौजूद थे, जिन्होंने सरकार पर जम कर भड़ास निकाली। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर हमला शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से सरकार की विफलता है। भाजपा-पी.डी.पी. गठबंधन सरकार को नैतिकता के आधार पर सत्ता का त्याग करना चाहिए। इस अवसर पर परवेश शर्मा, कुलबीर सिंह, रमेश कुमार, पवन कुमार, कुलबीर पठानिया, बाल कृष्ण आदि मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News