अमरनाथ यात्रा : मीर जहूर ने किया बालटाल का दौरा

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2017 - 02:00 PM (IST)

श्रीनगर : भेड़ एवं पशु पालन राज्य मंत्री मीर जहूर अहमद ने बालटाल के बेस कैम्प का दौरा किया तथा अमरनाथ यात्रा में यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कैम्प का दौरा करते हुए मंत्री ने संबंधित विभागों से यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा कैम्प का भी निरीक्षण किया।

 

मंत्री को बताया गया कि अस्पताल की सेवाएं 24 घंटे जारी हैं जिनमें यू.एस.जी., एक्स-रे तथा आई.सी.यू. जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कैम्प परिसर में साफ -सफाई को सुनिश्चित करने पर बल दिया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने वन विभाग से जलावन की आपूर्ति को सुनिश्चित करने को कहा। वन विभाग ने मंत्री को बताया कि 3000 क्विंटल जलावन विभिन्न यात्रा मार्गों पर जमा की गई है। बैठक में यह भी बताया गया कि गत वर्ष की यात्रा के दौरान जलावन से 1.5 लाख रुपए का राजस्व एकत्र किया गया। कार्यप्रणाली में पार्रिदशता लाने के लिए विभाग ने इस वर्ष ई-टैंडरिंग शुरू की है। मंत्री को सूचित किया गया कि लगभग 1,46,467 श्रद्धालुओं ने 11 जुलाई तक बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा के दर्शन किए।

 

इसके उपरांत पशु पालन विभाग की गतिविधियों का जायजा लेते हुए बैठक में बताया गया कि यहां पर  पशु चिकित्सा कैम्प स्थापित किए गए हैं जिसमें सभी पंजीकृत खच्चरों का रूटीन चैकअप किया जाता है। बैठक में यह भी सूचित किया गया कि यात्रा के दौरान हादसे में मरने वाली प्रति खच्चर के लिए 30,000 रुपए दिए जाएंगे। मंत्री ने यात्रा के प्रबंधों पर संतोष जताते हुए सभी संबंधित विभागों से निष्ठा एवं लगन से कार्य करने को कहा, ताकि यात्रियों को अच्छी से अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News