सूडान में शहीद हुआ जम्मू-कश्मीर का जवान, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Saturday, Dec 14, 2019 - 02:40 PM (IST)

साम्बा(संजीव): सूडान में ड्यूटी पर तैनाती के दौरान काल का ग्रास बने भारतीय सेना के जवान तरसेम लाल का विजयपुर मे पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 20 जैक राइफल के हवलदार तरसेम लाल मनोत्रा का 7 दिसंबर को सूडान में संदिग्ध हालात में दोहांत हो गया था।

PunjabKesari

स्व. तरसेम लाल रामगढ़ के छौनी गांव के रहने वाले थे, जो कुछ समय से विजयपुर के गोविंदपुरी इलाके में रह रहे थे। जवान की अचानक हुई मौत के बाद पूरे इलाके मे शोक की लहर है। सनद रहे कि 2011 में स्वंतंत्र होने के बाद दक्षिण सूडान में नस्ली हिंसा जारी है व वहीं शांति-स्थिरता स्थापित करने के लिए सयुंक्त राष्ट्र के शांति अभियान के तहत भारतीय सेना के कई जवान तैनात है। भारत के लगभग 2400 सैनिक वहां शांति सेना के तौर पर वहां तैनात हैं।

शव घर पहुंचते ही माहौल हुआ गमगीन
बतौर शांति सैनिक सूडान में तैनात तरसेम लाल का शव सेना द्घारा शुक्रवार को उनके घर पहुंचाया गया तो मानो कोहराम मच गया, पूरा माहौल गमगीन हो गया। तरसेम के पिता स्व. वेदराज खुद भी सेना मेडल से सम्मानित पूर्व सैनिक थे। मृतक अपने पीछे अपना बूढ़ी माता रानी देवी के साथ पत्नी निशू वर्मा, बेटा आकाश, और बेटी भूमिका को छोड़ गए हैं। तिरंगे में लिपटे इस सैनिक के पार्थिव शरीर को श्मशानघाट ले जाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ उसकी अंत्येष्टि की गई।

सेनाधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ दी सलामी
मेजर पंकज कुमार व अन्य सेनाधिकारियों की मौजदूगी में सेना के जवानों की टुकड़ी ने शस्त्र उलटे कर तरसेम लाल को सलामी दी। सेना के अधिकारियों ने शव पर पुष्प चक्र चढ़ाए और श्रद्घांजलि अर्पित की। इस दौरान तमाम सगे-संबंधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय लोग मौजूद थे। पूर्व मंत्री व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह भी स्व. सैनिक को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सैनिक के परिजनों से मिलकर दुख जताया। मृतक के पुत्र आकाश ने अपने पिता के शव को मुखाग्नि दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

rajesh kumar

Recommended News

Related News