अमेरिका ने मानव तस्करी में लिप्त पाकिस्तानी संगठन पर लगाया बैन

punjabkesari.in Sunday, Apr 11, 2021 - 12:23 PM (IST)

वाशिंगटन: अमेरिका ने मानव तस्करी में लिप्त पाकिस्तान आधारित एक संगठन पर  बैन लगा दिया है। यह संगठन  विदेशियों को अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचाने का काम करता था। अमेरिकी कोषागार विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण दफ्तर ने बुधवार को आबिद अली खान के साथ ही उसके ट्रांसनेशनल क्रिमिनल आर्गेनाइजेशन और तीन सहयोगियों पर प्रतिबंध लगा दिया। इस कार्रवाई के तहत अमेरिका में मौजूद इनकी सभी संपत्तियां जब्त कर ली जाएंगी। इनके साथ अमेरिकी लोगों के लेन-देन पर रोक रहेगी।

 

अमेरिकी संघीय ‘ग्रैंड ज्यूरी’ ने  अबीद अली खान पर पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी नागरिक को लोगों को बिना वैध दस्तावेजों के अमेरिका में प्रवेश कराने के मामले में आरोप तय किए हैं। संघीय अभियोजक ने बुधवार को आरोप लगाया कि अबीद अली खान ने जनवरी 2015 से दिसम्बर 2020 के बीच पाकिस्तान में अपने तस्करी नेटवर्क के साथियों के साथ मिलकर बिना वैध दस्तावेजों वाले लोगों की अमेरिका आने में मदद की। अबीद अली खान पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के नौशेरा जिले स्थित मानव तस्करी संगठन ‘ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन’ (टीसीओ) का सरगना है।

 

खान और टीसीओ के उसके साथी वैश्विक स्तर पर मानव तस्करी गिरोह चलाते थे, जो बिना वैध दस्तावेजों के प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश करने में मदद करता था।गृह मंत्रालय की जांच (एचएसआई) में सामने आया था कि पाकिस्तान का अबीद खान पश्चिमी एशिया और दक्षिण-पश्चिम एशिया में मानव तस्करी गिरोह चला रहा है और अमेरिका और अन्य जगहों पर लोगों को पहुंचाने के लिए कथित प्रणालीगत कमजोरियों का फायदा उठा रहा है। इस काम के लिए प्रति व्यक्ति औसतन 20 हजार डॉलर (करीब 15 लाख रुपए) वसूले जाते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News