Russia-Ukraine Crisis: रूसी गोलाबारी में 7 लोग मारे गए और 9 घायल, यूक्रेन बोला- हम सरेंडर नहीं करेंगे, ये लड़ाई हम ही जीतेंगे

punjabkesari.in Thursday, Feb 24, 2022 - 02:04 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूसी सैनिकों ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर हमला कर दिया है। अल-सुबह कीव, खार्कीव, ओडेसा एवं यूक्रेन के अन्य शहरों में बड़े धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन ने दावा किया है कि, रूसी गोलाबारी में कम से कम 7 लोग मारे गए हैं और 9 अन्य घायल हो गए है। मिली जानकारी के अनुसार मरियुपोल शहर में टैंक देखे गए हैं। साथ ही एयरपोर्ट भी हमला किया गया है। यूक्रेनी सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट-जनरल वालेरी ज़ालुज़नी ने कहा कि, 'हम अपनी जमीन पर हैं और आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। हम ये लड़ाई जीतेंगे।

रूसी युद्धक विमान को मार गिराने के दावों को किया खारिज
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस के हमलों ने यूक्रेन की सेना के हवाई रक्षा संपत्तियों को नष्ट कर दिया है, साथ ही यूक्रेन के सैन्य ठिकानों के बुनियादी ढांचों को नेस्तनाबूद कर दिया है। मंत्रालय ने यूक्रेन से गुजर रहे एक रूसी युद्धक विमान को मार गिराने के दावों को भी खारिज कर दिया। इस बीच, यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने रूस के पांच विमानों को मार गिराया है।

यह आक्रामकता का युद्ध है- विदेश मंत्री दिमित्रो
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने उनके देश पर रूसी हमले को आक्रामकता का युद्ध की संज्ञा दी है और दुनियाभर के देशों से रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाकर उसे अलग थलग कर देने की अपील की है। कुलेबा ने ट्वीट कर कहा, ''रूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है जिसके कारण शांत यूक्रेनी शहरों पर हवाई हमले शुरू हो गये हैं। यह आक्रामकता का युद्ध है और यूक्रेन इस हमले से न केवल निपटेगा बल्कि जीतेगा भी।''

रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप के होंगे भयाभय परिणाम 
बतातें चलें कि, गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा की है। रूस के इस कदम की अंततराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की जा रही है। यूरोपीय संघ ने कहा कि यूक्रेन पर आक्रमण के रूस पर व्यापक और गंभीर परिणाम होंगे और जल्द ही उस पर अधिक प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। लेकिन इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज करते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास ‘‘के ऐसे परिणाम होंगे,जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखे होंगे।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News