Russia Ukraine Meeting: जंग के बीच बेलारूस में वार्ता रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता पूरी, जानें क्या हुआ?

punjabkesari.in Monday, Feb 28, 2022 - 09:13 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने वार्ता के लिए सोमवार को मुलाकात की। रूस ने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद यूरोप में जमीन पर सबसे बड़ी लड़ाई छेड़ रखी है लेकिन उसे अप्रत्याशित कड़े विरोध से जूझना पड़ रहा है। कीव में सोमवार को तनावपूर्ण शांति रही लेकिन पूर्वी यूक्रेन के शहरों में धमाकों एवं गोलीबारी सुनाई दी। दहशत के मारे यूक्रेनी परिवार आश्रयों व बेसमेंट में सिमटे रहे।

दक्षिण-पूर्व यूक्रेन के मारीउपोल में सिसकती हुई एलेंक्जड्रा मिखाईलोवा ने कहा, ‘‘ मैं बैठकर प्रार्थना करती हूं कि ये वार्ता सफलतापूर्वक समाप्त हों ताकि वे नरसंहार बंद करने के लिए समझौते तक पहुंच पाएं तथा और युद्ध न हो।'' उसके आसपास लोग बच्चों को दिलासा देने की कोशिश करते नजर आये। अब भी उम्मीद की किरणें नजर आ रही हैं। सोमवार को युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन और रूस के अधिकारी पहली बार आमने-सामने वार्ता की मेज पर बैठे।

वार्ता की विशाल मेज पर एक तरफ यूक्रेन का झंडा और दूसरी ओर रूस का तिरंगा था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि वह तत्काल संघर्षविराम और रूसी सैनिकों की वापसी की मांग करेगा। यूक्रेन ने अपने रक्षा मंत्री एवं अन्य शीर्ष अधिकारियों को वार्ता के लिए भेजा जबकि रूस के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई पुतिन के संस्कृति विषयक सलाहकार कर रहे हैं।

यह इस बात का संकेत है कि रूस वार्ता को किस नजरिए से देखता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वार्ता से या युद्ध से क्या चाह रहे हैं। पश्चिमी देशों के अधिकारियों का मानना है पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकना और उसकी जगह अपनी पसंद का शासन एवं मास्को का शीतयुद्ध कालीन प्रभाव बहाल करना चाहते हैं।

यूक्रेन के लिए बेलारूस पर यकीन करना मुश्किल
हालांकि, बेलारूस पर यकीन करना यूक्रेन के लिए इतना आसान नहीं है। दरअसल बेलारूस इस जंग में रूस की तरफ रहा है। यूक्रेन पर हमले में बेलारूस रूस का साथ दे सकता है। अबतक लड़ाई में बेलारूस सीधे तौर पर सामने नहीं आया था। लेकिन रूस ने आज सुबह यूक्रेन के Zhytomyr एयरपोर्ट पर जो हमला किया था इसमें Iskander मिसाइल का इस्तेमाल हुआ था। यह एयर स्ट्राइक बेलारूस की तरफ से छोड़ी गई थी। बेलारूस ने कहा था कि वह अपने इलाके का इस्तेमाल रूस को एयर स्ट्राइक के लिए नहीं करने देगा, बावजूद इसके ऐसा हुआ Zhytomyr में हुए हमले में पुरानी इमारत को भी नुकसान पहुंचा था।

लड़ाई में कूद सकता है बेलारूस
अमेरिका के खुफिया अधिकारियों का मानना है कि बातचीत अगर पटरी पर नहीं जाती है तो बेलारूस इस लड़ाई में कूद सकता है। फिलहाल तक स्थिति यह है कि रूस से इस लड़ाई को जितना आसान समझा था, यह उतनी निकली नहीं। यूक्रेन की तरफ से रूस के जवानों को कड़ी टक्कर मिल रही है। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस अबतक कंट्रोल नहीं कर पाया है।

यूक्रेन को दूसरे देशों से मदद मिलनी भी शुरू
बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज पांचवा दिन है। अब यूक्रेन को दूसरे देशों से मदद मिलनी भी शुरू हो गई है। अमेरिका यूक्रेन के लिए 500 स्टिंगर मिसाइल, हथियार भेज रहा है।  यूक्रेन का दावा है कि रूसी हमले में अबतक उसके 352 लोगों की मौत हो चुकी है, वही 1,684 लोग घायल हैं। दूसरी तरफ यूक्रेन का दावा है कि उसने युद्ध में अबतक रूस को काफी नुकसान पहुंचाया है. 27 फरवरी तक रूस के 4,500 सैनिकों को मारने के अलावा करीब 150 टैंक, 700 सैन्य वाहन, 60 फ्यूल टैंक, 26 हेलिकॉप्टर्स नष्ट करने का दावा किया जा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News