यूक्रेन संकटः चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने की पुतिन से बात, दिया यह मंत्र

punjabkesari.in Friday, Feb 25, 2022 - 05:45 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः यूक्रेन पर रूस के हमल के बाद दुनियाभर के देशों के प्रमुख नेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है। दुनियाभर के लोग रूस से शांति की अपील कर रहे हैं और युद्ध रोकने के लिए दूसरे रास्तों को अपनाने के लिए राष्ट्रपति पुतिन से आग्रह कर रहे हैं। यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले के बीच चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्लादिमीर पुतिन से बात की है। जिनपिंग ने पुतिन से यूक्रेन से बातचीत करने को कहा है। चीन की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी है। चीन की सरकारी मीडिया ने बताया कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पुतिन से यूक्रेन से बातचीत से हल निकालने की अपील की है।

उधर, रूस के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने राष्ट्रपति पुतिन को बातचीत का न्योता भेजा है। रूसी मीडिया ने बताया कि जेलेंस्की ने पुतिन से बातचीत की पेशकश की है। इससे पहले रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन सरेंडर करे तभी आगे बातचीत संभव है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सेना सरेंडर करे तो रूस बातचीत के लिए तैयार है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन पर रूस के हमले से पैदा हुई स्थिति के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की। इस दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन से संबंधित हालिया घटनाक्रम से अवगत कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान दोहराया कि रूस और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) समूह के बीच मतभेदों को सिर्फ ‘‘ईमानदार और गंभीर'' वार्ता से ही सुलझाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने तत्काल हिंसा रोकने की अपील की तथा सभी पक्षों से कूटनीतिक बातचीत और संवाद की राह पर लौटने के ठोस प्रयास करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान पुतिन को यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर छात्रों की सुरक्षा से जुड़ी भारत की चिंताओं से भी अवगत कराया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News