तालिबान ने अफगानिस्तान के दो प्रांतों में महिलाओं के लिए पुनः खोले सरकारी विश्वविद्यालय

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 12:49 PM (IST)

काबुल: तालिबान ने बुधवार को कहा कि उन्होंने अफगानिस्तान के 34 में से दो प्रांतों में छात्राओं के लिए सरकारी विश्वविद्यालय पुनः खोल दिए हैं। तालिबान द्वारा संचालित सांस्कृतिक और सूचना मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि नांगरहार और कंधार में महिलाओं के लिए सरकारी विश्वविद्यालय खोल दिए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि धीरे-धीरे पुरुष और महिलाएं विश्वविद्यालय लौटें इसके लिए काम किया जा रहा है।

 

मंत्रालय ने कहा कि इन दोनों प्रांतों में गर्मी का मौसम होता है इसलिए इन्हें सबसे पहले दोबारा खोला गया है। तालिबान के नियमों के अनुसार, पुरुष सुबह कक्षा में शामिल होंगे और महिलाएं दोपहर को विश्वविद्यालय जाएंगी। इससे पहले तालिबान के शिक्षा मंत्री अब्दुल बकी हक्कानी ने कहा था कि काबुल विश्वविद्यालय समेत देश के अन्य स्थानों पर 26 फरवरी से सरकारी विश्वविद्यालय पुनः खोले जाएंगे।

 

अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन ने हक्कानी की इस घोषणा का स्वागत किया था। बुधवार को तालिबान के सांस्कृतिक और सूचना मंत्री खैरुल्ला खैरख्वा ने कंधार विश्वविद्यालय का दौरा किया और कहा कि “आधुनिक और इस्लामी शिक्षा साथ मिलकर देश को समृद्ध बना सकते हैं।” तालिबान द्वारा देश का शासन अपने हाथ में लेने के बाद से लड़कियों और महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखने को लेकर खासी आलोचना होती रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News