तालिबान के कब्जे में अफगानिस्तान का दो तिहाई हिस्सा,सड़कों पर घसीटे जा रहे अफगान सैनिकों के शव (Pics)

punjabkesari.in Wednesday, Aug 11, 2021 - 05:13 PM (IST)

काबुलः  अफगानिस्तान में तालिबान ने तीन और सूबों की राजधानियों और सेना के स्थानीय मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही देश के पूर्वोत्तर हिस्से पर चरमपंथी संगठन का पूर्ण कब्जा हो गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी। इसके साथ ही अब तालिबान के कब्जे में अफगानिस्तान का दो तिहाई हिस्सा चला गया है। तालिबान का कब्जा दो दशक की लड़ाई के बाद अमेरिकी और नाटो सैनिकों की अंतिम वापसी के बीच हुआ है। पूर्वोत्तर में बदकशान और बगलान सूबे की राजधानी से लेकर पश्चिम में फराह प्रांत तक तालिबान के कब्जे में चला गया है जिससे देश की संघीय सरकार पर अपनी स्थिति मजबूत करने का दबाव बढ़ गया है क्योंकि कुंदुज प्रांत का अहम ठिकाना भी उसकी हाथ से निकल गया है।  फंसे हुए लोग पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पार खोलने के बारे में सुरक्षा बलों से जानकारी लेने के लिए चमन सीमा पर इकट्ठे हो गए हैं।

PunjabKesari

राष्ट्रपति अशरफ गनी सरदारों से मदद मांगने गए बाल्ख
अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी तालिबान के कब्जे वाले इलाके से घिरे बाल्ख सूबा गए हैं ताकि तालिबान को पीछे धकेलने के लिए स्थानीय सरदारों से मदद मांगी जा सके। तालिबान की बढ़त से फिलहाल काबुल पर सीधे तौर पर खतरा नहीं है लेकिन उसकी गति से सवाल पैदा हो रहे हैं कि अफगान सरकार कब तक अपने दूर दराज के इलाकों पर नियंत्रण रख सकेगी। कई मोर्चों पर सरकार के विशेष कार्रवाई बलों के साथ लड़ाई चल रही है जबकि नियमित सैनिकों के लड़ाई के मैदान से भागने की खबरे भी आ रही हैं। हिंसा की वजह से हजारों की संख्या में लोग शरण के लिए राजधानी पहुंच रहे हैं। इस महीने के अंत तक अपने सैनिकों की वापसी पूरा करने वाला अमेरिका कुछ हवाई हमले कर रहा है लेकिन खुद को जमीनी लड़ाई में शामिल करने से बच रहा है। अफगान सरकार और सेना ने प्रतिक्रिया मांगे जाने के बाद इन हार पर टिप्पणी नहीं की है।

PunjabKesari

अफगान  सैनिक का शव सड़क पर घसीटा
पश्चिमी सूबे फराह के सांसद हुमायूं शहीदजादा ने बुधवार को एसोसिएटेड प्रेस के समक्ष पुष्टि की कि फराह नाम से ही जानी जाने वाली सूबे की राजधानी तालिबान के कब्जे में चली गई है। हाल में पड़ोसी सूबे निमरोज पर तालिबान ने एक सप्ताह के अभियान पर कब्जा कर लिया था। फराह में तालिबान लड़ाके अफगान सुरक्षा बल के एक सैनिक का शव सड़क पर घसीटते नजर आए और इस दौरान वे ‘ ईश्वर महान है' के नारे लगा रहे थे। तालिबान लड़ाकों के पास एम-16 राइफलें थी और वे राजधानी की सड़कों पर हमवीस फोर्ड पिकअप ट्रक चल रहा रहे थे जिसे अमेरिकियों ने दान किया था। एक तालिबानी लड़ाके ने पहचान जाहिर नहीं करते हुए कहा, ‘‘शहर में स्थिति नियंत्रण में हैं। हमारे मुजाहिदीन शहर में गश्त कर रहे हैं।''

PunjabKesari

 कुंदुज हवाई अड्डे  पर भी तालिबान का कब्जा
फराह में दिनभर गोलियों की चलने की आवाज आती रही। बदकशान के सांसद हुजातुल्ला खेरादमंद ने बताया कि तालिबान ने उनके सूबे की राजधानी फैजाबाद पर कब्जा कर लिया है। एक अफगान अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया कि बगलान की राजधानी पोली खुमरी भी तालिबानियों के कब्जे में चली गई है और भारी नुकसान हुआ है। इससे पहले तालिबान ने एक सप्ताह के भीतर कुंदुज प्रांत की राजधानी और अहम शहरों में से एक कुंदुज सहित छह सूबों की राजधानियों पर कब्जा कर लिया था। कुंदुज के सांसद शाह खान शेरजाद और सूबाई परिषद के सदस्य गुलाम रबानी रबानी ने बताया कि बुधवार को कुंदुज हवाई अड्डे पर स्थित अफगान नेशनल आर्मी के 217वीं कमान का मुख्यालय भी तालिबान के कब्जे में चला गया।

PunjabKesari

सैनिकों को कराया आत्मसमर्पण
तालिबान ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें सैनिकों को आत्मसमर्पण करते हुए दिखाया गया है। अफगान नेशनल आर्मी के सात कमान में कुंदुज कमान एक था और उसके तालिबान के कब्जे में जाने को बड़ी क्षति माना जा रहा है। हालांकि, अबतक स्पष्ट नहीं है कि सेना ने अपने पीछे कितने उपकरण और साजो सामान छोड़े हैं। तालिबान की बढ़त के बाद इलाका छोड़ आए आम नागरिकों ने बताया कि चरमपंथी समूह ने महिलाओं पर पांबदी लगाई है और स्कूलों को जला दिया है। तालिबान के कब्जे वाले इलाके में बदले की कार्रवाई के तहत हत्याओं के मामले भी सामने आए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News