तालिबान ने महिलाओं पर और कड़े किए बैन ! हरियाली लोकेशन वाले रेस्तरां और गार्डन जाने पर लगाई रोक

punjabkesari.in Tuesday, Apr 11, 2023 - 11:41 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः तालिबान साल 2021 में अफगानिस्तान की सत्ता संभालने के बाद से ही लड़कियों और महिलाओं पर लगातार पाबंदियां लगा रहा है। उसने पहले बच्चियों और महिलाओं की पढ़ाई पर नियम लागू किए। बाद में उनके संयुक्त राष्ट्र में नौकरी करने सहित कई रोजगार पर रोक लगा दी। इतना ही नहीं अफगानिस्तान में महिलाओं का पार्क और जिम जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी जाना प्रतिबंधित है।  तालिबान उनकी स्वतंत्रता को छीन रहा है। ऐसे में उसने एक और अजीब फरमान सुनाते  हुए अफगानिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हेरात प्रांत में परिवारों और महिलाओं का बगीचों या हरे-भरे स्थानों वाले रेस्तरां में जाना प्रतिबंध लगा दिया है। 

 

हालांकि हेरात में सदाचार निदेशालय के एक उप अधिकारी बाज मोहम्मद नजीर ने मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है, जिसमें यह कहा जा रहा है कि महिलाओं को सभी रेस्तरां में जाने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि यह प्रतिबंध सभी रेस्तरां पर नहीं लगाया गया है। यह केवल पार्क जैसे हरे क्षेत्रों वाले रेस्तरां पर लागू होता है, जहां पुरुष और महिलाएं मिल सकते हैं। हेरात में सदाचार निदेशालय के प्रमुख अजीज़ुर्रहमान अल मुहाजिर ने कहा कि एक पार्क को रेस्तरां का नाम दे दिया था, जहां पुरुष और महिलाएं एक साथ बैठ सकते थे।

 

हमारे ऑडिटर उन सभी पार्कों का निरीक्षण कर रहे हैं जहां पुरुष और महिलाएं जाते हैं। ऐसी जगह पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। नजीर ने उन रिपोर्टों का भी खंडन किया कि जिसमें बताया जा रहा है कि प्रांत में विदेशी फिल्मों, टीवी शो और संगीत की डीवीडी की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।इस पर उन्होंने कहा कि व्यापार मालिकों को इस सामग्री को बेचने के खिलाफ सिर्फ सलाह दी गई थी क्योंकि यह इस्लामी मूल्यों का खंडन करती है।

 

नजीर ने कहा कि जिन दुकानदारों ने सलाह पर अमल नहीं किया, उनकी दुकानें बंद कर दी गईं। एक अधिकारी ने कहा कि तालिबान ने यह फैसला धार्मिक विद्वानों और लोगों की शिकायत के बाद लिया है। उनका कहना है ऐसी जगह पर पुरुषों और महिलाओं के साथ-साथ बैठने की शिकायत मिल रही थी। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और पुरुषों के साथ-साथ बैठने और कथित तौर पर हिजाब सही ढंग से नहीं पहनने के कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध केवल हेरात में महिलाओं के लिए लागू है, जबकि ऐसे परिसर पुरुषों के लिए खुले रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News