पूर्व मंत्री शेख राशिद ने कहा- पाकिस्तान सरकार जीरो, इमरान खान हीरो

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2022 - 05:01 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान के पूर्व  मंत्री शेख राशिद अहमद ने शहबाज शरीफ सरकार पर निशाना साधते  हुए कहा, 'पाकिस्तान सरकार जीरो, इमरान खान हीरो।' शेख राशिद ने पीएमएल-एन चीफ नवाज शरीफ पर भी ट्वीट करके हमला बोला। उन्होंने कहा, 'अविश्वास प्रस्ताव का फैसला लंदन में लिया गया था। वही नवाज शरीफ अब सरकार छोड़ने की बात कर रहे हैं।'

 

देश में बढ़ती महंगाई को लेकर भी उन्होंने शरीफ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक 'इकोनॉमिक जाम' में फंसा है। लोग बिल्स तक नहीं भर पा रहे हैं। अवामी मुस्लिम लीग के चीफ ने कहा कि पाकिस्तान के मित्र देश भी अब मदद के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि न तो चीन, दुबई, कतर और न ही सऊदी अरब इस समय पाकिस्तान की मदद कर रहा है। IMF से भी फंड हासिल करने में देश विफल रहा है। 

 
मालूम हो कि आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने अपने देश को IMF से 1.7 अरब डॉलर की अहम किश्त जल्द से जल्द जारी कराने के लिए अमेरिका से मदद मांगी है। जनरल कमर जावेद बाजवा ने अमेरिकी उप विदेश मंत्री वेंडी शरमन के साथ इस मामले पर चर्चा की और अमेरिका से पाकिस्तान की मदद के लिए IMF में अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की अपील की। हालांकि अब तक कोई सकारात्मक संदेश नहीं मिला है।

 
राशिद ने इससे पहले पाकिस्तान सरकार पर देश में पत्रकारों को टारगेट करने का आरोप लगाया था। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थक और सेना के मुखर आलोचक माने जाने वाले एक प्रमुख टीवी पत्रकार को कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया गया था। उन पर पंजाब की अटक जिला पुलिस ने हिंसा भड़काने और नफरत फैलाने के आरोप लगाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News