रूस ने  गेहूं संकट के लिए पश्चिम देशों को ठहराया जिम्मेदार

punjabkesari.in Sunday, Jun 05, 2022 - 01:09 PM (IST)

मास्कोः गेहूं के निर्यात को रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव जारी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया में बढ़ रही गेहूं की कीमतों के लिए पश्चिमी देशों को जिम्मेदार ठहराया है। पुतिन ने कहा है कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के चलते रूसी मालवाही जहाज माल की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। बार-बार कहे जाने के बावजूद पश्चिमी देश खाद्यान्न आपूर्ति के लिए प्रतिबंध हटाने को तैयार नहीं हैं।

 

पुतिन ने यूक्रेन के बंदरगाहों पर खाद्यान्न लदे जहाजों को रोके जाने के आरोपों से इंकार किया है। कहा कि पश्चिमी देशों को रूस से समस्या है तो वे बेलारूस पर लगे प्रतिबंध हटाकर वहां से यूक्रेन के गेहूं की आपूर्ति शुरू करा सकते हैं। अमेरिका और ब्रिटेन ने यूक्रेन से गेहूं की आपूर्ति न होने के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है। संयुक्त राष्ट्र गेहूं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। 

 

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने खाद्यान्न और उवर्रक आपूर्ति में बना गतिरोध जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई है। ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने भी रूस और यूक्रेन से गेहूं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए कहा है। उन्होंने गेहूं को हथियार न बनाए जाने की अपील की है। विदित हो कि रूस और यूक्रेन गेहूं के बड़े निर्यातक देश हैं। पश्चिमी देशों के प्रतिबंध के चलते रूस गेहूं की आपूर्ति नहीं कर पा रहा है और यूक्रेन के बंदरगाहों पर कब्जे और काला सागर में रूसी सेना की नाकेबंदी से यूक्रेनी गेहूं का भी निर्यात नहीं हो पा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News