दक्षिण चीन सागर में ताइवान के बाद अब फ‍िलीपींस ने चीन को दिखाई आंखें

punjabkesari.in Wednesday, Apr 28, 2021 - 01:27 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिण चीन सागर में चीन को ताइवान के बाद अब फिलीपींस ने भी आंखें दिखानी शुरू कर दी हैं। फिलीपींस ने दक्षिण चीन सागर में उन्हीं विवादित द्वीपों के निकट सैन्य अभ्यास शुरू किया है जिन पर चीन अपना दावा करता रहा है। ताइवान के बाद फ‍िलीपींस के इस कदम से चीन  भड़क गया है।  मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फिलीपींस कोस्ट गार्ड (PCG), ब्यूरो ऑफ फिशरीज व इससे जुड़े संगठनों ने दक्षिण चीन सागर में सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। एक बयान में PCG ने कहा कि अभ्यास के लिए यहां आठ जहाज तैनात कर दिए गए हैं। मुख्य रूप से यह सैन्य अभ्यास बाजो डी मासिनलोक और पैग आसा द्वीप के निकट हो रहा है।

 

बता दें कि इन  द्वीपों को लेकर चीन का फिलीपींस के साथ विवाद बना हुआ है। यहां पिछले दिनों चीन की पनडुब्बियों ने घुसपैठ की थी जिसका फिलीपींस ने कड़ा विरोध किया था। फिलीपींस, ब्रुनेई, मलेशिया, ताइवान और वियतनाम कई दशकों से दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावों पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन हाल के वर्षों में यह तनाव काफी बढ़ गया है। चीन उस क्षेत्र पर बार-बार दावा करता है, जो  नाइन डैश लाइन कहा जाता है। चीन ने अपने दावे के समर्थन में वहां द्वीपों का निर्माण किया है और वहां गश्त भी करता रहता है। चीन ने वहां अपनी सैन्य मौजूदगी का विस्तार किया है। इन देशों ने चीन पर आरोप लगाया कि ये इस इलाके में सैन्य मौजूदगी बढ़ाना चीन की उकसाने वाली कार्रवाई है।

 

उधर, ताइवान ने कहा है कि चीन के तीन युद्धपोत उतरने के बाद दक्षिण चीन सागर में स्थितियां ज्यादा तनावपूर्ण हो सकती हैं। ताइवान ने कहा है कि दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती गतिविधियों से सभी पड़ोसी देशों से उसका तनाव बढ़ेगा। विशेषतौर पर पिछले दिनों तीन युद्धपोत उतारने के बाद इन स्थितियों में तेजी से बदलाव हुआ है। इनमें एक परमाणु ऊर्जा से संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी भी है। ताइवान के नेशनल सिक्योरिटी ब्यूरो के डायरेक्टर जनरल चेन मिंग तुंग ने कहा है कि वे चीन के युद्धपोतों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीन के इस कदम से साफ है कि वह दक्षिण चीन सागर में अपने पड़ोसी देशों के साथ तनाव बढ़ाना चाहता है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News