अफगानिस्तान की पहली महिला मेयर ने देश के हालात के लिए पाकिस्तान को बताया जिम्मेदार

punjabkesari.in Thursday, Aug 26, 2021 - 01:01 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद लोगों में भय और दहशत का माहौल है। अफगानिस्तान के कई लोग आतंकवादी समूह से बचने के लिए देश से भागने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे को लेकर पहली महिला अफगान मेयर ने पाकिस्तान के जमकर लताड़ लगाई। मेयर जरीफा गफरी ने आरोप लगाया कि अफगानिस्तान का बच्चा-बच्चा जानता है कि देश की मौजूदा स्थिति के लिए सिर्फ पाकिस्तान जिम्मेदार है। उन्होंने पाकिस्तान पर तालिबान को खुला समर्थन देने का आरोप लगाया। 

 

जरीफा गफरी देश की सबसे कम उम्र की मेयरों में से एक हैं। 26 साल की उम्र में गफरी  मैदान शहर की मेयर बनी। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद गफरी देश छोड़कर जर्मनी चली गई हैं। कई पूर्व सरकारी अधिकारी और अफगान विशेषज्ञ भी तालिबान के कब्जे के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार मानते हैं। पूर्व मेयर ने अपने देश की स्थिति के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय समेत सभी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि आज अफगानिस्तान जो कुछ भी झेल रहा है, उसके लिए स्थानीय लोगों, राजनेताओं, बच्चों और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय सहित सभी को दोषी ठहराया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने कभी भी आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर आवाज नहीं उठाई।

 

अफगानिस्तान में अपने पिछले कुछ दिनों को याद करते हुए गफरी ने कहा कि तालिबान के अतंकी उनकी तलाश में उसके घर आय  थे और उन्होंने उनके गृह रक्षक को बुरी तरह से पीटा। उन्होंने कहा कि मैं किसी को माफ नहीं कर सकती क्योंकि आज मैंने पिछले 20 साल की सभी उपलब्धियां खो दी हैं। मेरे पास आज कुछ भी नहीं बचा है। आज मेरे पास सिर्फ मेरी जमीन की मिट्टी है।

 

महिला मेयर ने दावा किया कि तालिबान उनके खिलाफ बोलने वालों को एक-एक करके मार रहा है।  गफारी ने कहा तालिबान  मेरे जैसे लोगों को इसलिए मार रहे हैं क्योंकि वे नहीं चाहते कि अन्य लोगों को पता चले कि वे क्या हैं। वे नहीं  चाहते हैं कि अफगानिस्तान के लोग उनके खिलाफ बगावत करें। मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त, मिशेल बाचेलेट ने कहा कि उन्हें तालिबान के आने के बाद अफगानिस्तान में मानवाधिकारों के हनन की कठोर और विश्वसनीय रिपोर्ट मिली है, जिसमें नागरिकों की फांसी भी शामिल है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News