Pak आर्मी चीफ बाजवा के परिवार के पास है अकूत संपत्ति, 6 साल में पत्नी भी बन गई अरबपति

punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 04:32 PM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा अपनी विदाई से पहले खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। नए आर्मी चीफ की नियुक्ति से पहले बाजवा की लाइफ को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। बाजवा के परिवार की संपत्ति को लेकर एक पाकिस्तानी वेबसाइट ने बड़ा खुलासा किया है। इसके बाद से पड़ोसी देश में बवाल मचा हुआ है। फैक्ट फोकस नाम की वेबसाइट ने बाजवा के करीबी और दूर के रिश्तेदारों की संपत्ति का विस्तृत ब्यौरा जारी किया है। रिपोर्ट में किए गए दावे और आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। सेना प्रमुख की पत्नी आयशा भी सवालों के घेरे में हैं जिनकी संपत्ति पिछले छह साल में कई गुना बढ़ी है।  नए सेना प्रमुख की नियुक्त से पहले  सम्पति के आंकड़े सामने से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है।

 

वेबसाइट के अनुसार जनरल बाजवा की पत्नी आयशा छह साल में अरबपति बन चुकी हैं। वह गुलबर्ग ग्रीन्स इस्लामाबाद और कराची में बड़े फार्महाउस, लाहौर में कई प्लॉट, डीएचए स्कीम में कमर्शियल प्लॉट और प्लाजा की मालकिन हैं। पिछले छह साल में उन्होंने लाहौर के फेज IV और फेज VI में दो कमर्शियल प्लाजा खरीदे और उनके अमेरिकी खातों में करीब आधा मिलियन डॉलर पैसे जमा हैं।  यही नहीं महनूर साबिर नाम की युवती बाजवा के घर की बहू बनने से सिर्फ नौ दिन पहले अरबपति बन गई थी। 

 

बाजवा की पत्नी ने घोषित किया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2015 में उनकी संपत्ति का कुल मूल्य शून्य था। आयशा की 2021 की घोषित संपत्ति में वह कई गुना अमीर हो चुकी थी। छह साल बाद न सिर्फ उनकी सभी संपत्ति बरकरार थीं बल्कि उनके विदेशी खाते में 5,91,831 अमेरिकी डॉलर जमा थे। पाकिस्तानी रुपए में यह राशि 5,98,46,330 थी। रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल उनकी कुल संपत्ति की कीमत 2,224 मिलियन यानी 2.22 अरब रुपए थी। 2016 में बाजवा की नियुक्ति के बाद सिर्फ छह साल के कार्यकाल में आयशा की संपत्ति शून्य से 2.22 अरब पहुंच गई जिसमें कमर्शियल प्लॉट, रेजिडेंशियल प्लॉट और सेना की ओर से उनके पति को दिए गए घर शामिल नहीं हैं। 

 
साल 2013 के इनकम टैक्स रिटर्न में बाजवा ने बताया था कि उनकी पत्नी के नाम पर सिर्फ तीन संपत्तियां हैं। लाहौर में दो कमर्शियल प्लॉट और एक इस्लामाबाद में जिनकी कुल घोषित कीमत 70 लाख रुपए थी। रिपोर्ट के अनुसार सेना प्रमुख बनने के बाद 2017 में उन्होंने संपत्ति के विवरण में तीन बार संशोधन किया। 2013 के रिवाइज्ड वेल्थ स्टेटमेंट बाजवा ने लाहौर का एक प्लॉट और जोड़ा। उन्होंने दावा किया कि यह प्लॉट उन्होंने 2013 में ही खरीदा था लेकिन इसकी जानकारी देना वह भूल गए।  खास बात यह है कि उन्हें चार साल बाद अपनी चूक याद आई जब वह सेना प्रमुख बन चुके थे।

 

बाजवा की पत्नी आयशा अमजद ने 10 अगस्त 2016 को टैक्स फाइलर के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके कुछ समय बाद नवंबर 2016 में उनके पति का नाम सेना प्रमुख की उम्मीदवारों की रेस में शामिल हो गया। आयशा ने 28 अक्टूबर 2016 यानी बाजवा के सेना प्रमुख बनने के तीन दिन पहले अपना पहला इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किया और FBR (Federal Board of Revenue of Pakistan) को संपत्ति का ब्यौरा दिया।अपनी 2016 की संपत्ति की घोषणा में, आयशा ने आठ 'अन्य संपत्तियों' की जानकारी दी लेकिन उनका ब्यौरा मुहैया नहीं कराया। इस वेल्थ स्टेटमेंट को 17 अप्रैल, 2018 को संशोधित किया गया।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News