तालिबान ने महिलाओं के अकेले यात्रा पर लगाई रोक, वाहन में संगीत बजाना भी बैन

punjabkesari.in Monday, Dec 27, 2021 - 03:10 PM (IST)

 इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान में सत्ता में आने के बाद तालिबान का महिलाओं के प्रति रवैया काफी भेदभाव भाव वाला रहा। इसी के चलते तालिबान अधिकारियों ने रविवार को  एक नया हिटलरी फरमान सुनाते हुए कहा कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाली महिलाओं को तब तक यातायात सुविधा प्रदान नहीं की जाए जब तक कि उनके साथ कोई करीबी पुरुष रिश्तेदार मौजूद न हों।

 

अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद महिलाओं के मानवाधिकारों के हनन की बात सामने आती रही है। अफगानिस्तान में अब  महिलाओं के लंबे सफर पर जाने को लेकर तालिबान ने अपना असली रंग पूरी दुनिया को दिखा दिया है।  इससे पहले तालिबान छात्राओं के स्कूल जाने को लेकर मना कर रहा था। मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइंस के अनुसार, सभी वाहन मालिकों से हिजाब पहनने वाली महिलाओं को ही बैठाने का निर्देश दिया गया है।

 

मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक अकिफ मुहाजिर ने बताया कि 45 मील (72 किलोमीटर) से अधिक की यात्रा करने वाली महिलाओं के साथ उनके परिवार के सदस्य या फिर रिश्तेदार साथ नहीं हैं तो उन्हें यातायात करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।  सोशल मीडिया पर शेयर हो रही नई गाइडलाइंस में लोगों को अपने वाहन में संगीत बजाना बंद करने के लिए भी कहा गया है। कुछ दिन पहले मंत्रालय ने अफगानिस्तान के टेलीविजन चैनलों से उन कार्यक्रमों के प्रसारण पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया था जिसमें महिलाएं शामिल हैं।

 

इसके अलावा महिला न्यूज एंकर को स्कार्फ पहनने की बात कही गई थी। मुहाजिर ने रविवार को कहा कि हिजाब एक इस्लामिक नकाब है और सफर के दौरान सभी महिलाओं को इसे पहनना होगा। गौरतलब है कि तालिबान ने अफगानिस्तान में चुनाव से संबंधित दो आयोगों और शांति और संसदीय मामलों के मंत्रालय को भंग कर दिया। तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता बिलाल करीबी ने कहा, यह संस्थाएं मौजूदा हालात में अनावश्यक थी और भविष्य में जरुरत पड़ी तो सरकार इन्हें फिर से बना लेगी। इससे पहले महिला मामलों के मंत्रालय को बंद कर दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News