अमेरिका में गोलीबारी की तीन घटनाओं में 2 छात्रों समेत 9 लोगों की मौत, चार संदिग्ध गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2023 - 10:45 AM (IST)

न्यूयार्कः अमेरिका में गोलीबारी की लगातार 3 घटनाओं में 9  लोगों की मौत हो गई । दो घटनाएं सैन फ्रांसिस्को के पास हाफ मून बे शहर में एक खेत में और एक ट्रक कंपनी में हुई  जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई। इस सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। ‘सैन मैटियो काउंटी बोर्ड ऑफ सुपरवाइजर्स' के अध्यक्ष डेव पाइन ने बताया कि सैन फ्रांसिस्को से करीब 48 किलोमीटर दूर हाफ मून बे शहर में एक खेत में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि ट्रक कंपनी में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की जान गई। पाइन ने बताया कि पुलिस ने गोलीबारी के संबंध में 67 वर्षीय चुनली झाओ को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध इनमें से एक जगह काम करता था। उन्होंने संदिग्ध को ‘‘असंतुष्ट कर्मी'' बताया।  

 

 सैन मैटियो काउंटी के शेरिफ कार्यालय को दोपहर अढ़ई बजे गोलीबारी की सूचना मिली तथा मौके पर चार लोग मृत मिले जिन्हें गोली लगी थी। उन्हें पहले घटनास्थल पर एक और व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। इसके तुंरत बाद अधिकारियों को करीब आठ किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर तीन और लोग मृत मिले। एलेन ने बताया कि पहली सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद शेरिफ अधिकारी को संदिग्ध झाओ हाफ मून बे में अपनी कार में मिला। उसे हिरासत में ले लिया गया और उसकी कार से एक हथियार बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि झाओ ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।  इसके अलावा  डेस मोइनेस स्कूल में सोमवार को हुई गोलीबारी में दो छात्रों की मौत हो गई और एक शिक्षक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

 

गोलीबारी ‘स्टार्ट्स राइट हियर' नामक एक शैक्षिक कार्यक्रम में हुई, जो डेस मोइनेस स्कूल जिले से संबद्ध है। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे से पहले आपातकालीन सेवा के कर्मियों को स्कूल में बुलाया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने पर दो छात्रों को गंभीर हालत में पाया और उन्हें तुरंत सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। दोनों छात्रों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक की सोमवार दोपहर ही सर्जरी की गई। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के करीब 20 मिनट बाद अधिकारियों ने एक कार में सवार तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। सार्जेंट पॉल पारिज़ेक ने कहा, ‘‘ गोलीबारी यकीनन लक्षित हमला थी।'' बता दें कि गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे वक्त में हुई है जब दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार देर रात एक बॉलरूम डांस हॉल में गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गयी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News