न्यूयॉर्क सबवे गोलीबारी का Video आया सामने; टेंशन में India, स्थिति पर भारतीय दूतावास की पैनी नजर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 13, 2022 - 12:46 PM (IST)

 न्यूयॉर्कः अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में  ब्रुकलिन के एक मेट्रो स्टेशन पर हुई भीषण गोलीबारी का वीडियो सामने आया है।   घटना पर भारत ने चिंता जताई है। अमेरिका में भारत का महावाणिज्य दूतावास इस घटना को लेकर मामले  की सख्त निगरानी कर रहा है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। इस घटना में हथियारबंद व्यक्ति ने कम से कम 10 लोगों को गोली मारी दी। महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने  बताया कि वाणिज्य दूतावास की स्थिति  पर पैनी नजर है और हम अधिकारियों के संपर्क में हैं। बाद में वाणिज्य दूतावास ने एक ट्वीट भी किया जिसमें उसने कहा, “ब्रुकलिन में आज भीषण गोलीबारी से बहुत परेशान हैं। हम स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। हमारी प्रार्थनाएं एवं विचार घायलों के साथ हैं।” 

 

घटना की जांच कर रही सुरक्षा एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां मंगलवार तड़के न्यूयॉर्क सिटी मेट्रो स्टेशन पर गोलीबारी की एक भयावह घटना की जांच कर रही हैं जिसमें “कई लोगों” को गोली मार दी गई थी और ट्रेन स्टेशन से धुआं निकलता देखा गया था। अधिकारियों ने कहा कि 36वें स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन पर हमले में 10 लोगों को गोलियां लगी हैं और कुल मिलाकर कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने ट्वीट किया, “ब्रुकलिन में 36वें स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन पर कई लोगों को गोली मारने के संबंध में  इस समय कोई सक्रिय विस्फोटक उपकरण नहीं हैं।” पुलिस ने गवाहों को कोई भी जानकारी होने पर सुरक्षा अधिकारियों से उसे साझा करने और लोगों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी है। पुलिस को अब भी हमलावर की तलाश है।


 

ब्रुकलिन  हुई गोलीबारी से जुड़ी वैन मिली : सूत्र
न्यूयॉर्क पुलिस को ब्रुकलिन में एक खाली यू-हॉल वैन मिली है, जिसका विवरण और लाइसेंस प्लेट नंबर उस वाहन से मेल खाता है, जिसकी मंगलवार को एक सबवे स्टेशन पर हुई गोलीबारी के संबंध में तलाश की जा रही है। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस बीच, पुलिस ने गोलीबारी स्थल से करीब चार मील की दूरी पर स्थित एक सड़क को बंद कर दिया और बम निरोधक दस्ते व उच्च दक्षता वाली आपात सेवा ईकाई के आने तक आसपास के प्रतिष्ठानों को खाली करा लिया। एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर यह जानकारी दी। शहर भर के अधिकारियों से कहा गया था कि अगर उन्हें कोई यू-हॉल वैन दिखे तो वे उसे रोकें और उसमें सवार सभी लोगों को फौरन हिरासत में ले लें।  

 


बाइडेन और अटॉर्नी जनरल को दी हमले की जानकारी
राष्ट्रपति जो बाइडेन और अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड को घटना के बारे में जानकारी दी गई है। व्हाइट हाउस ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन को न्यूयॉर्क सिटी सबवे गोलीबारी की घटना के संबंध में ताजा घटनाक्रम की जानकारी दी गयी है।'' बाइडेन आयोवा में डेस मोइन्स की अपनी यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। व्हाइट हाउस ने कहा, ‘‘व्हाइट हाउस के वरिष्ठ स्टाफ सदस्य मेयर एडम्स और पुलिस आयुक्त सीवेल के साथ संपर्क में हैं और उन्हें जरूरत पड़ने पर किसी भी तरह की सहायता देने की पेशकश कर रहे हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News