मादुरो ने यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों की उड़ाई खिल्ली

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 01:42 PM (IST)

काराकसः वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने यूरोपीय संघ द्वारा लगाए प्रतिबंधों का मजाक उड़ाया और उस पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारों पर चलने का आरोप लगाया। मादुरो ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों की परवाह नहीं करता, यूरोपीय संघ के प्रतिबंध हमें हंसाते हैं।'' उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ ‘‘डोनाल्ड ट्रंप की नाकाम वेनेजुएला नीति के कीचड़ में डूब रहा है।''गौरतलब है कि यूरोपीय संघ ने वेनेजुएला के सात खुफिया और सुरक्षा अधिकारियों पर शुक्रवार को प्रतिबंध लगा दिए। यूरोपीय संघ ने आरोप लगाया कि इन अधिकारियों ने तख्तापलट की साजिश रचने के आरोपी नौसेना अधिकारी राफेल अकोस्टा को मौत होने तक प्रताड़ित किया। यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों से एक दिन पहले ट्रम्प ने मादुरो की सरकार पर अमेरिका के प्रतिबंधों को कड़ा कर दिया था।

 

वेनेजुएला और उ.कोरिया के बीच कई समझौते हुए
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि वेनेजुएला और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। श्री मादुरो ने सोमवार को ट्विटर पर एक संबोधन में कहा, ‘‘वेनेजुएला के राष्ट्रीय संविधान सभा (एएनसी) के अध्यक्ष डायोसाडो कैबोलो ने अभी-अभी मुझे सूचित किया कि उत्तर कोरिया के साथ तकनीक, उद्योग, सैन्य के क्षेत्र में सहयोग को लेकर समझौते हुए हैं।'' वेनेजुएला के नेता ने कहा कि उनका देश कृषि और खाद्य उद्योग में भी उत्तर कोरिया के साथ सहयोग कर रहा है।

 

वर्तमान में वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्वी एशिया के दौरे पर है जिसका नेतृत्व श्री कैबेलो कर रहे हैं। पिछले हफ्ते इस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर कोरिया का दौरा किया और इस दौरान श्री कैबेलो ने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन को श्री मादुरो का एक पत्र भी सौंपा। श्री मादुरो ने वेनेजुएला के खिलाफ यूरोपीय संघ और अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच वेनेजुएलाई अधिकारियों के उत्तर कोरिया दौरे की सोमवार को सराहना की।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News