लंदन ब्रिज आतंकी हमले में शामिल पाकिस्तानी शख्स गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Dec 03, 2019 - 02:24 PM (IST)

लंदनः ब्रिटेन के लंदन ब्रिज पर  हुए आतंकी हमले की साजिश में शामिल होने के शक में पुलिस ने सोमवार को एक अन्य पाकिस्तानी व्यक्ति नजम हुसैन को गिरफ्तार किया है। आतंकी हमला शुक्रवार को हुआ था और इसमें दो लोगों की छुरे से हत्या करने वाले उस्मान खान को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया था। उस्मान पाकिस्तान के कब्जे वाले गुलाम कश्मीर का रहने वाला था।

 

गिरफ्तार नजम हुसैन  भी गुलाम कश्मीर के उसी गांव से आया है, जहां का उस्मान था। ये दोनों लंदन स्टॉक एक्सचेंज की इमारत में बम फिट करने की साजिश में शामिल थे, जिसमें दोनों को दोषी ठहराया गया था। दोनों ने 2012 में गुलाम कश्मीर के एक मदरसे में आतंकी शिविर भी चलाया था और युवकों को उसमें आतंकी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया था।

 

अपनी गतिविधियों के सिलसिले में उस्मान और नजम पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं। स्टैफोर्डशायर पुलिस लंदन ब्रिज हमले की जांच के सिलसिले में लगातार छापेमारी कर रही है। उस्मान को समय से पहले जेल से रिहा करने के मुद्दे पर ब्रिटेन में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। विपक्षी लेबर पार्टी ने जहां रिहाई के लिए सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है, वहीं प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसके लिए लेबर पार्टी के सत्ताकाल में बदली गई नीतियों को कारण बताया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News