स्पेन के द्वीप पर ज्वालामुखी लावा फैलने से और अधिक नुकसान का खतरा

punjabkesari.in Thursday, Sep 23, 2021 - 06:20 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  स्पेन के कैनरी आयलैंड में ज्वालामुखी विस्फोट से निकले लावे की गति काफी धीमी हो गई है, जिससे बृहस्पतिवार को यह संदेह पैदा हो गया कि कहीं यह पूरे आयलैंड में तो नहीं फैल जाएगा तथा समुद्र में बहने के बजाय कहीं अधिक घरों को तो नष्ट नहीं कर देगा। बुधवार को मैदानी इलाके में पहुंचने के बाद लावे की विशाल नदी की रफ्तार चार मीटर (13 फुट) प्रति घंटे तक धीमी हो गई। ला पाल्मा द्वीप पर विस्फोट के एक दिन बाद सोमवार को यह 700 मीटर (2,300 फुट) प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था।

 

अधिकारियों ने कहा कि जैसे-जैसे इसका प्रवाह धीमा हुआ, लावे की परत मोटी होती गयी। कई जगहों पर यह 15 मीटर (50 फुट) तक ऊंचा हो गया है। लावा अब 166 हेक्टेयर (410 एकड़) में फैला है और लगभग 350 घरों को निगल चुका है। लावे की गति धीमी होने से इसके रास्ते में आने वाले शहरों के निवासियों को अपना सामान एकत्रित करने के लिये समय मिल गया। साथ ही गार्डिया सिविल पुलिस बल बृहस्पतिवार सुबह तट के करीब तोदोक में रहने वाले लोगों को उनके घरों तक ले गए। गार्डिया सिविल ने कहा कि क्षेत्र में विस्फोट से पहले बढ़ी भूकंपीय गतिविधियां अब थम गई हैं।

 

कैनरी आइलैंड्स ज्वालामुखी संस्थान ने कहा कि ज्वालामुखी के मुख से पिघला हुआ लावा, राख और धुआं निकलता रहा, जिसकी ऊंचाई 4,200 मीटर (लगभग 14,000 फीट) थी। इससे इस बात को लेकर चिंता जताई जा रही है कि क्या द्वीप के ऊपर का हवाई क्षेत्र खुला रखा जा सकता है। स्पेन के हवाई क्षेत्र का प्रबंधन करने वाले ईएनएआईआरई ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के ऊपर के दो क्षेत्रों को नो-फ्लाई जोन घोषित किया जा रहा है ताकि आपातकालीन सेवाओं को स्वतंत्र रूप से संचालित किया जा सके। ला पाल्मा में आने और जाने वाली कुछ उड़ानों में बृहस्पतिवार को देरी हुई।

 

द्वीप पर तैनात आपातकालीन सैन्य इकाई ने कहा कि उसने हवा की जांच की है, उसमें स्वास्थ्य के लिए कोई खतरा नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि संपत्ति, बुनियादी ढांचे और खेतों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है। वैज्ञानिक ज्वालामुखी गतिविधि की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने संभावित विस्फोट की चेतावनी दी थी। इससे लगभग 7,000 लोगों को समय पर निकाला जा सका। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News