फ्रांस में पैगंबर का नाम लेकर फिर ''आतंकी'' हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल

punjabkesari.in Monday, Nov 08, 2021 - 04:04 PM (IST)

पेरिसः फ्रांस के चर्चित तटीय शहर कांस में एक आतंकी हमले दौरान हमलावर ने पैगंबर का नाम लेकर  धार्मिक नारे लगाते हुए  पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्‍ध आतंकी को गोली मारकर उसे घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि शहर में पुलिस के कार्यालय के सामने हमलावर ने सुबह के समय पैगंबर के नाम पर पुलिसकर्मियों धमकी दी थी।

 

बताया जा रहा है कि चाकूबाजी के दौरान पुलिसकर्मियों की जैकेट ने उनकी जान बचा ली। पहले हमले के समय एक पुलिसकर्मी अपनी कार में बैठा हुआ था, तभी हमलावर ने दरवाजा खोलकर उसे चाकू मार दिया। इस दौरान बुलेटप्रूफ जैकेट ने उसकी जान बचा ली।   हमलावर को एक अन्‍य पुलिसकर्मी ने गोली मार दी जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया है। सूत्रों ने बताया कि कांस की पुलिस इस घटना को एक संभावित आतंकी हमले की तरह से देख रही है। इससे पहले 23 अप्रैल को एक पुलिसकर्मी की चाकू से किए गए हमले में मौत हो गई थी। यह हमलावर ट्यूनिशियाई मूल का नागरिक था। पुलिस ने उसे बाद में गोली मार दिया था।

 

हमलावर की अभी पहचान नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि वह अल्‍जीरिया का रहने वाला है और उसकी उम्र 37 साल है। उसका कोई पुलिस रेकॉर्ड भी नहीं है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह हमलावर कब अल्‍जीरिया से फ्रांस आया था। इस ताजा हमले ने कांस के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले राष्‍ट्रपति चुनाव में मतदाताओं के बीच हिंसात्‍मक अपराध और आतंकवाद मुख्‍य मुद्दा हो सकता है।   फ्रांस के गृहमंत्री गेराल्‍ड ने बताया कि वह घटनास्‍थल पर जा रहे हैं और नैशनल पुलिस और कांस शहर को अपना समर्थन देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News