इंडोनेशिया ने दी चीन को चुनौती

punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2017 - 06:11 PM (IST)

जर्काताः इंडोनेशिया ने साउथ चाइना सी के कुछ हिस्सों पर चीन के दावे को चुनौती देते हुए इन इलाकों को नया नाम दिया है। इस कदम के साथ ही इंडोनेशिया ने सीधे तौर पर चीन की आक्रामकता को चुनौती दी है। उधर चीन ने इंडोनेशिया के इस कदम को ज्यादा तूल न देते हुए इसे 'पूरी तरह से निरर्थक' बताया है।

चीन भले ही इस क्षेत्र पर अपना विशेषाधिकार जताता हो, लेकिन इसके बावजूद उसके खिलाफ माहौल तैयार हो रहा है। पिछले हफ्ते ही वियतनाम और फिलिपीन्स ने भी अपनी-अपनी तरह से साउथ चाइना सी पर अपने दावे को मजबूत करने की कोशिश की थी। शुक्रवार को इंडोनेशिया ने इस विवादित हिस्से का नाम बदलकर नॉर्थ नातुना सी रख दिया। समुद्रीय मामलों के मंत्रालय ने एक नया मानचित्र जारी किया, जिसपर इस इलाके के लिए नए नाम का इस्तेमाल किया गया था।

इंडोनेशिया लंबे समय से कहता रहा है कि साउथ चाइना सी में चीन के साथ उसका कोई सीमा विवाद नहीं है। मालूम हो कि चीन इस क्षेत्र के 90 फीसद से ज्यादा इलाके पर अपना दावा करता है। इंडोनेशिया का कहना है कि चीन की विवादास्पद समुद्री सीमा 'नाइन डैश लाइन' उसके नातुना द्वीपों के पास के आर्थिक क्षेत्र को ओवरलैप करती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News