US में पहले मुस्लिम सांसद अब्दुल ने जीतते ही ट्रंप का उड़ाया मजाक; कही ऐसी जबरदस्त बात, सुनकर तिलमिला उठेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 04:01 PM (IST)

Washington: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद ने मिशिगन की सीनेट सीट जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व सांसद माइक रोजर्स को हराया। इस जीत के साथ वह अमेरिकी सीनेट के लिए निर्वाचित होने वाले पहले मुस्लिम अमेरिकी बन जाएंगे। उनकी जीत ऐसे समय में हुई है, जब चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन नेताओं ने उनके नाम और धर्म को लेकर कई बार निशाना साधा था। 
 

जीतते ही ट्रंप और वेंस पर कसा तंज
जीत के बाद डेट्रॉयट में समर्थकों को संबोधित करते हुए 42 वर्षीय अब्दुल अल सैयद ने कहा, ''मेरा नाम अब्दुल रहमान मोहम्मद अल सैयद है। मिशिगन, हमने कर दिखाया। मुझे इस महान राज्य के सीनेटर-निर्वाचित के रूप में आपके सामने खड़े होने पर गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है।''  उन्होंने आगे राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उनका नाम बोलने में परेशानी होती है। इसलिए जनवरी में जब जेडी वेंस उन्हें सीनेटर पद की शपथ दिलाएंगे, तो ट्रंप उन्हें सीनेटर कहकर बुला सकते हैं। यह टिप्पणी चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप की ओर से उनके नाम का मजाक उड़ाए जाने के संदर्भ में थी। 
 

मेरे नाम और धर्म से महंगा नहीं हुआ पेट्रोल
अब्दुल अल सैयद ने अपने भाषण में नाम और धर्म को लेकर चुनाव प्रचार के दौरान हुए हमलों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके नाम या धर्म की वजह से लोगों के लिए पेट्रोल खरीदना महंगा नहीं हुआ। न ही इसकी वजह से राशन खरीदने या डॉक्टर के पास जाने में परेशानी हो रही है। उनका इशारा महंगाई और आम लोगों की रोजमर्रा की आर्थिक मुश्किलों की ओर था। उन्होंने कहा कि चुनाव में असली मुद्दे लोगों की जिंदगी, स्वास्थ्य सेवाएं और आर्थिक स्थिति हैं, न कि किसी उम्मीदवार का नाम या धर्म। 
 

टैक्स का पैसा बच्चों के भविष्य पर खर्च हो 
अब्दुल अल सैयद ने अपनी जीत के भाषण में अमेरिकी विदेश नीति और ईरान युद्ध पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों के टैक्स का पैसा यहां के स्कूलों, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे पर खर्च होना चाहिए। इसे दूसरे देशों में युद्ध और बमबारी पर खर्च नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि उनके टैक्स का पैसा उनके और उनके बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में इस्तेमाल हो रहा है, न कि दूसरे लोगों के बच्चों पर बम गिराने में। यह टिप्पणी अमेरिकी सैन्य खर्च और ईरान युद्ध में वाशिंगटन की भूमिका की आलोचना के तौर पर देखी गई। 
 

स्वास्थ्य सेवाएं और महंगाई थे चुनावी मुद्दे
पेशे से चिकित्सक और मिशिगन के पूर्व सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी अब्दुल अल सैयद ने अपने चुनाव प्रचार में सभी के लिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, महंगाई कम करने और राजनीति में बड़ी कंपनियों के प्रभाव को सीमित करने का वादा किया था। उन्होंने इजराइल को अमेरिकी सैन्य सहायता का भी विरोध किया और अमेरिकी करदाताओं के पैसे को विदेशों में युद्ध के लिए इस्तेमाल किए जाने पर सवाल उठाए।  उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी माइक रोजर्स ने चुनाव प्रचार के दौरान अल सैयद पर मुस्लिम ब्रदरहुड से कथित संबंधों को लेकर आरोप लगाए थे। अल सैयद ने इन आरोपों से इनकार किया था। इन दावों के समर्थन में कोई प्रमाण सामने नहीं आया। चुनावी नतीजों के बाद उनकी जीत को अमेरिकी राजनीति में मुस्लिम प्रतिनिधित्व के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News