चीनी राष्ट्रपति शी को तीसरी बार सत्ता में लाने की कवायद शुरू, CPC का चार दिवसीय अधिवेशन शुरू

punjabkesari.in Monday, Nov 08, 2021 - 02:56 PM (IST)

बीजिंग: राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अभूतपूर्व तीसरे कार्यकाल का मार्ग प्रशस्त करने के लिए चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) के सैकड़ों वरिष्ठ अधिकारियों ने 100 साल पुरानी सत्ताधारी पार्टी के एक दुर्लभ "ऐतिहासिक प्रस्ताव" पर चर्चा करने और उसे पारित करने के लिए सोमवार को यहां एक महत्वपूर्ण चार दिवसीय सम्मेलन शुरू किया।  CPC की 19वीं केंद्रीय समिति ने अपना छठा पूर्ण सत्र शुरू किया। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, CpC केंद्रीय समिति के लगभग 400 पूर्ण और वैकल्पिक सदस्य इस अधिवेशन में हिस्सा ले रहे हैं।

 

CPC केंद्रीय समिति के महासचिव शी ने राजनीतिक ब्यूरो की ओर से एक कार्य रिपोर्ट दी और CPC के 100 वर्षों के प्रयासों की प्रमुख उपलब्धियों और ऐतिहासिक अनुभव पर एक मसौदा प्रस्ताव पर स्पष्टीकरण दिया। शी (68) के पास चीन की सत्ता के तीनों केंद्र - सीपीसी के महासचिव का पद, शक्तिशाली केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के अध्यक्ष का पद, जो कि सेना का समग्र उच्च कमान है, और राष्ट्रपति का पद हैं। राष्ट्रपति के तौर पर शी अगले साल अपना पांच साल का दूसरा कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। राजनीतिक रूप से, यह बैठक शी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो सत्ता में अपने पिछले नौ वर्षों के कार्यकाल में पार्टी के संस्थापक माओ त्से तुंग के बाद सबसे शक्तिशाली नेता के तौर पर उभरे हैं।

 

अपने पूर्ववर्ती हू जिनताओ के विपरीत जिनपिंग के तीसरे कार्यकाल के लिए पद पर बने रहने की व्यापक रूप से उम्मीद की जा रही है। जिनताओ दो कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। चिनफिंग 2018 में एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन के मद्देनजर संभवत: आजीवन सत्ता में बने रह सकते हैं। संवैधानिक संशोधन ने राष्ट्रपति के लिए अधिकतम दो कार्यकाल की सीमा को हटा दिया था।

 

उन्हें 2016 में पार्टी का “मुख्य नेता” (कोर लीडर) भी बनाया गया था, यह दर्जा माओ को ही प्राप्त था। अधिवेशन अगले साल की पार्टी कांग्रेस से पहले आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एक नया नेतृत्व नियुक्त किये जाने की उम्मीद थी। बंद कमरे में आयोजित बैठक बीजिंग में कड़े कोविड-19 नियंत्रण उपायों के तहत हो रही है।   शी को छोड़कर रधानमंत्री ली केकियांग सहित अधिकतर अधिकारियों के दो कार्यकाल पूरा करने के बाद सेवानिवृत्त होने की उम्मीद है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News